देवास में शराब तस्करी रोकने पहुंचे TI को ट्रक ने कुचला: इलाज के दौरान मौत; ड्राइवर फरार
देवास में शराब तस्करी रोकने पहुंचे TI को ट्रक ने कुचल दिया। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मौके से ड्राइवर फरार हो गया।
मध्य प्रदेश के देवास जिले में अवैध शराब की तस्करी रोकने पहुंचे थाना प्रभारी की दर्दनाक मौत हो गई। शराब से भरे आयशर ट्रक के चालक ने पुलिस कार्रवाई के दौरान वाहन से खातेगांव TI दिलीप पुरी को कुचल दिया। गंभीर रूप से घायल थाना प्रभारी को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां करीब दो घंटे तक इलाज और CPR देने के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। घटना के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है।
तस्करी की सूचना पर हाईवे पहुंची थी पुलिस टीम
जानकारी के मुताबिक, रविवार देर रात करीब डेढ़ बजे खातेगांव थाना प्रभारी दिलीप पुरी को अवैध शराब परिवहन की सूचना मिली थी। इसके बाद वे अपनी पुलिस टीम के साथ इंदौर-बैतूल हाईवे पर नेमावर रोड पहुंचे। बताया जा रहा है कि नेमावर पुलिस भी संबंधित ट्रक का पीछा कर रही थी। पुलिस को शराब से भरा आयशर वाहन हाईवे पर डिवाइडर के किनारे खड़ा मिला।
डिवाइडर पर चढ़ाकर भागने लगा चालक
पुलिस के मुताबिक, थाना प्रभारी दिलीप पुरी ने ट्रक चालक को नीचे उतरने के लिए कहा। इसी दौरान चालक ने वाहन को डिवाइडर पर चढ़ाकर आगे बढ़ाने की कोशिश की। इस दौरान ट्रक का पिछला पहिया TI पुरी के ऊपर से गुजर गया। हादसे में उन्हें शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं और काफी खून बह गया।
घायल थाना प्रभारी को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें बचाने के लिए करीब दो घंटे तक CPR और उपचार किया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका।
प्रदेशवासियों, वीडियो में स्ट्रेचर पर ले जाया जा रहा शव, उस पुलिस अधिकारी का है, जो अवैध शराब का कारोबार रोकने पहुंचा और शराब तस्करों के वाहन ने उसे कुचलकर मार डाला! यह सिर्फ एक पुलिस अधिकारी की हत्या नहीं, प्रदेश में शराब माफियाओं के बढ़ते दुस्साहस के सामने लाज लुटा चुकी, निर्वस्त्र कानून व्यवस्था की "मौत" का भी पुख्ता सबूत है! यह प्रमाण है, देश के सबसे असफल/नाकारा गृहमंत्री की कार्यशैली का! यह साक्ष्य है, वल्लभ भवन की पांचवी मंजिल के संरक्षण में पल और पनप रहे शराब के अवैध धंधे का! जब तस्कर पुलिस को कुचलने का दुस्साहस करने लगें, तो पूछना पड़ेगा, हत्यारों किसका संरक्षण है? भ्रष्ट/निकम्मी मोहन सरकार क्या लूटने के लिए ही सत्ता में बनी रहेगी? इंदौर-बैतूल हाईवे की घटना ने कानून-व्यवस्था और पुलिसकर्मियों की सुरक्षा पर फिर से गंभीर सवाल खड़ा किया है! यह मप्र के नकारा गृहमंत्री की कार्यशैली पर भी फिर से बड़ा प्रश्न चिह्न है! दुखद घटना में कर्तव्य निभाते हुए जान गंवाने वाले पुलिस इंस्पेक्टर श्री दिलीप पुरी जी को विनम्र श्रद्धांजलि एवं शोकाकुल परिजनों के प्रति भी मैं गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं! गृहमंत्री बनाम मुख्यमंत्री जी, केवल बयान और कार्रवाई के दावों से काम नहीं चलेगा! जनता कैसे माने कि आपकी सरकार जिंदा है? तस्करी नेटवर्क की निष्पक्ष जांच करें! जिम्मेदारों पर कठोर कार्रवाई भी करें! @AmitShah @NarendraModi @DrMohanYadav51
— Jitendra (Jitu) Patwari (@jitupatwari) November 2, 2026
संदलपुर में ट्रक छोड़कर फरार हुआ आरोपी
घटना के बाद चालक ट्रक को लेकर आगे निकल गया और संदलपुर के पास वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने शराब से भरे आयशर वाहन को कब्जे में लेकर संदलपुर थाने में खड़ा कराया है। वहीं, फरार चालक की तलाश के लिए पुलिस टीम जुटी हुई है।
TI की मौत पर अरुण यादव ने सरकार को घेरा
खातेगांव थाना प्रभारी दिलीप पुरी की मौत मामले को लेकर पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरुण यादव ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि मध्यप्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति लगातार बिगड़ रही है और प्रदेश में लोकतांत्रिक सरकार के बजाय माफियाओं का प्रभाव बढ़ता जा रहा है।
अरुण यादव ने सोशल मीडिया के माध्यम से टीआई दिलीप पुरी की मौत पर शोक व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी और शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदनाएं जताईं। उन्होंने कहा कि खातेगांव में शराब माफियाओं द्वारा थाना प्रभारी को ट्रक से कुचलकर मार डालना प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर करारा तमाचा है।
देवास के खातेगांव में शराब माफियाओं द्वारा टीआई दिलीप पुरी जी को ट्रक से कुचलकर मार डालना प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर करारा तमाचा है, उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि एवं शोकाकुल परिवार के प्रति गहरी संवेदनाएं । मध्यप्रदेश में अब माफिया सरकार चला रहे हैं और सरकार मूकदर्शक बनी बैठी है । जब कानून के रक्षक ही सुरक्षित नहीं, तो आम जनता की सुरक्षा कौन करेगा ? मुख्यमंत्री मोहन यादव जी जवाब दें, प्रदेश में सरकार है या माफियाराज ?
— Arun Subhashchandra Yadav (@MPArunYadav) November 2, 2026
2007 बैच के उप निरीक्षक थे दिलीप पुरी
घटना की जानकारी मिलते ही देवास एसपी आदित्य मिश्रा सोमवार तड़के करीब 3:30 बजे खातेगांव पहुंचे। थाना प्रभारी के परिवार को भी घटना की सूचना दी गई। दिलीप पुरी 2007 बैच के उप निरीक्षक थे। TI बनने के बाद वे इंदौर के हीरानगर और चंदन नगर थानों में भी पदस्थ रह चुके थे। उनके परिवार में पत्नी कविता और एक बेटा-बेटी हैं।
इस घटना ने जिले में अवैध शराब की तस्करी और पुलिस कार्रवाई के दौरान सामने आ रहे खतरों को एक बार फिर चर्चा में ला दिया है। फिलहाल पुलिस फरार ट्रक चालक की तलाश और मामले की जांच कर रही है।

