भोपाल: सीएम मोहन यादव बोले-“जहां निडरता है वहीं जीवन”, इंदौर हादसे पर जताया दुख

भोपाल में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नागरिक सुरक्षा, इंदौर हादसे, एयर एम्बुलेंस और राहवीर योजना पर बड़ा बयान दिया। गुड़ी पड़वा की भी दी शुभकामनाएं.

भोपाल: सीएम मोहन यादव बोले-“जहां निडरता है वहीं जीवन”, इंदौर हादसे पर जताया दुख

भोपाल: मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल में आयोजित एक कार्यक्रम में नागरिक सुरक्षा, आपदा प्रबंधन और हाल ही में हुई इंदौर की घटना को लेकर महत्वपूर्ण बातें कहीं. उन्होंने कहा कि आज दुनिया कई चुनौतियों का सामना कर रही है, ऐसे में हर परिस्थिति से निपटने के लिए तैयार रहना जरूरी है.

सीएम ने कहा कि देश और प्रदेश में आकस्मिक घटनाएं जैसे बाढ़, भूस्खलन और आगजनी जैसी स्थितियों से निपटने के लिए हमारी टीमें और वालंटियर्स पूरी तरह तैयार हैं. उन्होंने कोविड जैसे कठिन समय का जिक्र करते हुए कहा कि भारत अब ऐसी आपदाओं से निपटने में सक्षम हो चुका है.

 इंदौर हादसे पर दुख व्यक्त

सीएम मोहन यादव ने इंदौर में सुबह 4 बजे हुई दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया. उन्होंने बताया कि इलेक्ट्रॉनिक दरवाजे जहां सुरक्षा के लिए उपयोगी हैं, वहीं कई बार चुनौती भी बन जाते हैं. इस घटना में 7-8 लोगों की जान चली गई, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है.

एयर एम्बुलेंस और स्वास्थ्य सुविधाएं

मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश देश का पहला राज्य है जिसने एयर एम्बुलेंस सेवा शुरू की. इसके जरिए गरीब से गरीब व्यक्ति को भी बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं. 

राहवीर योजना का जिक्र

सीएम ने बताया कि राहवीर योजना के तहत सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाने वाले को 25 हजार का इनाम दिया जाता है. वहीं, दुर्घटना पीड़ित को डेढ़ लाख तक की सहायता दी जाती है.

 होम गार्ड और नागरिक सुरक्षा

उन्होंने होम गार्ड और वालंटियर्स की सराहना करते हुए कहा कि नागरिक सुरक्षा की ट्रेनिंग हर व्यक्ति को मिलनी चाहिए, ताकि किसी भी आपदा से प्रभावी तरीके से निपटा जा सके.