ये कैसे ट्रैफिक नियम: पुलिसकर्मियों को छूट, जनता पर चालानी कार्रवाई

भोपाल के पॉलिटेक्निक चौराहे पर ट्रैफिक नियमों में दोहरा मापदंड दिखा। ट्रैफिक पुलिस कार चालकों के चालान करती रही, जबकि कई बाइक सवार और कुछ पुलिसकर्मी बिना हेलमेट के निकलते रहे।

ये कैसे ट्रैफिक नियम: पुलिसकर्मियों को छूट, जनता पर चालानी कार्रवाई

भोपाल: राजधानी में ट्रैफिक नियमों को लेकर एक बार फिर दोहरा मापदंड देखने को मिला। शहर के पॉलिटेक्निक चौराहे पर ट्रैफिक पुलिस कार चालकों के चालान बनाती नजर आई, जबकि उसी दौरान कई दोपहिया वाहन चालक बिना हेलमेट के गुजरते रहे। हैरानी की बात यह रही कि कुछ पुलिसकर्मी भी दोपहिया वाहन पर बिना हेलमेट के निकलते दिखाई दिए, लेकिन उनके खिलाफ कोई चालानी कार्रवाई नहीं की गई। 

नियम सख्ती से लागू करने के दिए गए थे निर्देश

दरअसल भोपाल सहित प्रदेश के बड़े शहरों में दोपहिया वाहन चालक और पीछे बैठने वाले व्यक्ति के लिए हेलमेट पहनना अनिवार्य किया गया है। यह निर्देश पुलिस मुख्यालय स्तर से जारी किए गए थे। इसका उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों को कम करना और ट्रैफिक नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करना बताया गया था।

 

6 नवंबर 2025 से लागू किया गया था नियम

ट्रैफिक पुलिस के निर्देश के अनुसार भोपाल में 6 नवंबर 2025 से दोपहिया वाहन चालक और पीछे बैठने वाले दोनों के लिए हेलमेट पहनना अनिवार्य कर दिया गया था। इसके पहले 23 अक्टूबर 2025 से 5 नवंबर 2025 तक जागरूकता अभियान चलाया गया था, जिसके बाद नियम तोड़ने वालों के खिलाफ चालानी कार्रवाई शुरू करने की बात कही गई थी।

ट्रैफिक नियमों का नहीं हो रहा पालन

हालांकि पॉलिटेक्निक चौराहे पर दिखाई दी स्थिति इन निर्देशों से बिल्कुल अलग नजर आई। चौराहे पर मौजूद ट्रैफिक पुलिस मुख्य रूप से कार चालकों के चालान बनाती दिखाई दी, जबकि कई बाइक सवार बिना हेलमेट के आसानी से निकलते रहे। यह हाल सिर्फ एक जगह का नही लगभग राजधानी के हर चैंकिंग पॉइंट का है।इससे यह सवाल उठने लगा है कि हेलमेट नियम का पालन आखिर कितनी गंभीरता से क्यों नही कराया जा रहा है।

पुलिसकर्मी भी नहीं कर रहे नियमों का पालन

स्थिति तब और चौंकाने वाली हो गई जब ट्रैफिक पुलिस की मौजूदगी में ही कुछ पुलिसकर्मी दोपहिया वाहन पर बिना हेलमेट के चौराहे से गुजरते नजर आए। बावजूद इसके उनके खिलाफ कोई चालानी कार्रवाई नहीं की गई।

सवालों के घेरे में ट्रैफिक व्यवस्था

ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि जब पुलिसकर्मी ही ट्रैफिक नियमों का पालन नहीं करेंगे, तो आम जनता से सख्ती से पालन कराने की उम्मीद कैसे की जा सकती है। शहर में हेलमेट नियम को लेकर अभियान और सख्ती की बात तो की जा रही है, लेकिन जमीनी स्तर पर इसकी प्रभावी निगरानी होती नजर नहीं आ रही।

ठंडी पड़ी चालानी कार्रवाई 

आपको बता दें कि शहर में हेलमेट नियम लागू होने के बाद शुरुआती दिनों में ट्रैफिक पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए चालानी कार्रवाई की थी, लेकिन अब यह सख्ती ठंडी पड़ती नजर आ रही है। कुछ दिनों तक अभियान चलने के बाद वर्तमान में कई जगहों पर बिना हेलमेट वाहन चालक बेखौफ गुजरते दिखाई दे रहे हैं, जिससे ट्रैफिक पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठने लगे हैं।