22 January 2026: इंदौर में कानून-व्यवस्था पर सवाल: फर्जी गिरफ्तारी, संदिग्ध आत्महत्या और सड़क पर जानलेवा हमला
पुलिस पर टीबी मरीज को झूठे ड्रग्स केस में फंसाने का आरोप, युवती ने अपने ही घर में फांसी लगाकर आत्महत्या की, मामूली विवाद के बाद एक युवक को कार से कुचलने की कोशिश।
टीबी मरीज को झूठे ड्रग्स केस में फंसाने का आरोप, 9 पुलिसकर्मियों पर विभागीय जांच के आदेश
इंदौर शहर के एमआईजी थाना पुलिस की एक गंभीर और शर्मनाक कार्रवाई सामने आई है, जिसने पूरी पुलिस व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। आरोप है कि एमआईजी थाना के नौ पुलिसकर्मियों ने मिलकर एक गंभीर टीबी मरीज को झूठे तरीके से ड्रग्स तस्करी के मामले में फंसा दिया। युवक को मरणासन्न हालत में उसके घर से उठाकर गिरफ्तार दिखाया गया और बाद में जेल भेज दिया गया, जहां इलाज के अभाव में उसकी मौत हो गई। मामला तब उजागर हुआ जब मृतक अजय सोनी की बहन राधिका सोनी ने इंदौर जिला न्यायालय में याचिका दायर की। याचिका में कहा गया कि अजय टीबी से पीड़ित था और सरकारी टीबी अस्पताल में उसका इलाज चल रहा था। डॉक्टरों ने परिजनों को स्पष्ट कर दिया था कि उसकी हालत बेहद गंभीर है और जीवन की उम्मीद बहुत कम है। इसी बीच एमआईजी थाना पुलिस उसे घर से उठाकर ले गई।
परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने अजय को छोड़ने के बदले 40 हजार रुपये की मांग की थी। मजबूरी में परिजनों ने 25 हजार रुपये भी दिए, इसके बावजूद पुलिस ने अजय को एनडीपीएस एक्ट में फंसा दिया। पुलिस ने झूठा रिकॉर्ड बनाते हुए देवास रोड स्थित अयोध्या कॉलोनी से गिरफ्तारी दिखा दी, जबकि सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई देता है कि पुलिस अजय को उसके घर से ही एक्टिवा पर बैठाकर ले गई थी। जेल में टीबी का समुचित इलाज नहीं मिलने के कारण अजय की मौत हो गई। कोर्ट ने सीसीटीवी फुटेज और तथ्यों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस कमिश्नर को निर्देश दिए हैं कि मामले में शामिल सभी नौ पुलिसकर्मियों की विभागीय जांच कर रिपोर्ट पेश की जाए। फिलहाल मामले ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है।
बाणगंगा थाना क्षेत्र में युवती ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, पुलिस जांच में जुटी
इंदौर के बाणगंगा थाना क्षेत्र से एक दुखद घटना सामने आई है, जहां एक युवती ने अपने ही घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक युवती की पहचान नेहा यादव के रूप में हुई है, जो अपने माता-पिता के साथ बीजेपी विधायक गोलू शुक्ला के परिवार में घरेलू काम करने जाती थी। नेहा के पिता रवि यादव ने बताया कि नेहा बीते कुछ दिनों से दांतों में तेज दर्द से परेशान थी। दर्द के कारण वह मानसिक रूप से भी तनाव में रहने लगी थी। बुधवार को नेहा ने काम पर जाने से मना कर दिया था और अपने पिता से कहा था कि वह डॉक्टर के पास जाएगी। इसके बाद माता-पिता रोज़ की तरह काम पर चले गए।
दोपहर के समय जब नेहा की मां काम से घर लौटी तो घर के अंदर का दृश्य देखकर उसके होश उड़ गए। नेहा फांसी के फंदे पर लटकी हुई थी। शोर मचाने पर आसपास के लोग इकट्ठा हुए और तुरंत नेहा को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पिता रवि यादव ने किसी भी तरह की साजिश या दबाव की आशंका से इनकार किया है। उन्होंने बताया कि नेहा काफी सीधी-सादी थी और किसी से कोई विवाद नहीं था। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट भी बरामद नहीं हुआ है। फिलहाल बाणगंगा थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मामूली विवाद में युवक को कार से कुचलने की कोशिश, CCTV फुटेज वायरल
इंदौर के विजय नगर थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां मामूली विवाद के बाद एक युवक को कार से कुचलने की कोशिश की गई। इस पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें आरोपी युवक की जान लेने की कोशिश करते हुए साफ नजर आ रहे हैं। यह घटना विजय नगर थाना क्षेत्र स्थित एनआरके बिजनेस पार्क के बाहर की बताई जा रही है। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि पहले कुछ युवकों के बीच बहस होती है। बहस के बाद एक युवक सड़क पर खड़ा रहता है, तभी तेज रफ्तार कार अचानक उसकी ओर बढ़ती है। युवक किसी तरह फुर्ती दिखाकर साइड में कूद जाता है और अपनी जान बचाता है।
वीडियो में आगे साफ दिखाई देता है कि आरोपी युवक को कार से कुचलने में असफल रहने के बाद जबरन उसे कार में बैठाने की कोशिश करते हैं। बताया जा रहा है कि विवाद किसी मामूली बात को लेकर हुआ था, लेकिन देखते ही देखते मामला हिंसक हो गया। घटना बुधवार देर रात की बताई जा रही है। हैरानी की बात यह है कि घटना के कई घंटे बाद भी पीड़ित युवक की ओर से थाने में कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। विजय नगर थाना पुलिस ने कहा है कि शिकायत मिलने पर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Varsha Shrivastava 
