मैहर में भाजपा कार्यक्रम के मंच पर भिड़े नेता मंडल महामंत्री ने पूर्व मंत्री के भाई पर बरसाये थप्पड़
मैहर में भाजपा कार्यक्रम के मंच पर भिड़े नेता मंडल महामंत्री ने पूर्व मंत्री के भाई पर बरसाये थप्पड़ कार्यकर्ताओं ने कराया शांत
मैहर: ताला मंडल में भाजपा के एक कार्यक्रम के दौरान मंच पर हुए विवाद का वीडियो लगभग एक सप्ताह बाद 19 जून को सामने आया। वीडियो सामने आने के बाद राजनीतिक गलियारों में घटना को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। घटना 12 जून की शाम को ताला स्थित एक निजी होटल में भाजपा की ओर से आयोजित "12 साल बेमिसाल जनचौपाल" कार्यक्रम के दौरान हुई थी। कार्यक्रम में भाजपा मंडल महामंत्री मनीष चतुर्वेदी और पूर्व मंत्री रामखेलावन पटेल के भाई विजय पटेल के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते यह कहासुनी धक्का-मुक्की और हाथापाई में बदल गई, जो मंच पर ही हुई। उस समय मंच पर सांसद गणेश सिंह, पूर्व मंत्री रामखेलावन पटेल सहित भाजपा के कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद थे। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने बीच-बचाव कर स्थिति को शांत कराया था।
महामंत्री चतुर्वेदी पहुंचे थे थाने
विवाद के बाद उसी रात, मनीष चतुर्वेदी अपने समर्थकों और भाजपा पदाधिकारियों के साथ ताला थाना पहुंचे। उन्होंने विजय पटेल के खिलाफ मारपीट और धमकी देने की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में आरोप लगाया गया कि मंच संचालन के दौरान उनके साथ अभद्रता की गई और मारपीट की गई थी।
विजय पटेल ने किया था मारपीट से इनकार
विजय पटेल ने उस समय अपना पक्ष रखते हुए वीडियो जारी कर कहा था कि यह घटना केवल धक्का-मुक्की तक सीमित थी और किसी प्रकार की मारपीट नहीं हुई थी। उन्होंने मारपीट की घटना से सीधा इनकार किया था।

