MP के लाखों पेंशनर्स के लिए राहत की खबर, 1 अप्रैल से एक क्लिक में होगा पेंशन निपटारा
कर्मचारियों के लिए नई गाइडलाइन जारी। 1 अप्रैल से लागू होगा सेंट्रल प्रोसेसिंग सिस्टम।
मध्य प्रदेश के लाखों पेंशनरों के लिए राहत की खबर है। अब पेंशन से जुड़े मामलों के लिए जिलों के चक्कर काटने की जरूरत नहीं होगी। राज्य सरकार ने 1 अप्रैल से केंद्रीकृत पेंशन प्रोसेसिंग सेल लागू करने का निर्णय लिया है। इस नई प्रणाली के तहत पेंशन प्रकरणों का निपटारा एक ही केंद्रीयकृत प्लेटफॉर्म से किया जाएगा, जिससे प्रक्रिया तेज और पारदर्शी होगी।
इस व्यवस्था से पेंशनरों को अब विभिन्न जिलों में घूम-घूम कर आवेदन और दस्तावेज जमा करने की परेशानी नहीं होगी। मध्य प्रदेश पेंशन, भविष्य निधि और बीमा संचालनालय ने इस प्रक्रिया के लिए विशेष सेल का गठन किया है और अधिकारियों की जिम्मेदारियां स्पष्ट कर दी हैं।
नई प्रणाली में पेंशन प्रकरणों के पूर्व परीक्षण, अनुमोदन और क्रिएशन के लिए अलग-अलग अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रत्येक संभाग में समन्वय और निगरानी के लिए प्रभारी अधिकारी भी तैनात किए गए हैं, ताकि पेंशन से जुड़े मामलों का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा सके। पेंशन प्रकरणों का कार्य वर्तमान पदस्थापना स्थल से ही संपन्न होगा और किसी भी समस्या के समाधान के लिए कर्मचारी अपने संभाग प्रभारी से संपर्क कर सकेंगे।
Varsha Shrivastava 
