Mauganj: Sandipani School में 24 कमरों का भवन और 6 बसों का लोकार्पण
मऊगंज के देवतालाब स्थित सांदीपनि विद्यालय में 24 कमरों के नए भवन का लोकार्पण और 6 नई बसों के संचालन की शुरुआत हुई। विधायक गिरीश गौतम कार्यक्रम में शामिल हुए।
राजेंद्र पयासी मऊगंज
मऊगंज। देवतालाब स्थित सांदीपनि उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में सोमवार को 24 कमरों के नए भवन का लोकार्पण किया गया। इसके साथ ही विद्यार्थियों की सुविधा के लिए 6 नई बसों के संचालन की शुरुआत भी हुई। कार्यक्रम में मध्य प्रदेश के पूर्व विधानसभा अध्यक्ष और देवतालाब विधायक गिरीश गौतम मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

लोकार्पण समारोह में गिरीश गौतम ने कहा कि देवतालाब को धार्मिक पहचान के साथ शिक्षा के क्षेत्र में भी आगे बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में बेहतर शिक्षा, स्वास्थ्य और दूसरी जरूरी सुविधाओं के विस्तार से आने वाले समय में देवतालाब की तस्वीर बदलेगी।
विधायक ने फीता काटकर नए भवन को विद्यार्थियों को समर्पित किया। उन्होंने कहा कि सांदीपनि विद्यालय में विद्यार्थियों की संख्या लगातार बढ़ रही थी, ऐसे में नए भवन की जरूरत महसूस की जा रही थी। 24 कमरों का भवन इस जरूरत को पूरा करने में मदद करेगा। उन्होंने शिक्षकों से विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण और संस्कार आधारित शिक्षा देने का आह्वान किया।

कक्षा में पहुंचे विधायक, छात्रों से किया संवाद
कार्यक्रम के दौरान गिरीश गौतम अचानक एक कक्षा में पहुंचे और विद्यार्थियों से बातचीत की। उन्होंने छात्रों से पढ़ाई को लेकर सवाल किए और शिक्षा के महत्व पर बात की। उन्होंने कहा कि ज्ञान के साथ संस्कार भी जरूरी हैं और विद्यार्थियों को अपनी संस्कृति और मूल्यों से जुड़े रहकर आगे बढ़ना चाहिए।
विद्यालय के प्राचार्य अशोक मिश्रा ने विधायक का शाल-श्रीफल से सम्मान किया। उन्होंने स्कूल के लिए नए भवन की जरूरत पूरी होने पर आभार जताया। साथ ही विद्यालय तक पहुंच मार्ग की समस्या भी विधायक के सामने रखी।

सड़क के लिए जमीन देने की अपील
विद्यालय तक सड़क निर्माण के मुद्दे पर विधायक ने स्थानीय किसानों से सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि यदि सड़क के लिए जमीन उपलब्ध होती है तो शासन स्तर से निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा सकती है। उन्होंने कहा कि इसका सीधा फायदा विद्यालय में पढ़ने वाले बच्चों और उनके परिवारों को मिलेगा।

शिक्षा के साथ स्वास्थ्य और खेल पर भी जोर
गिरीश गौतम ने कहा कि देवतालाब के विकास के लिए शिक्षा के साथ स्वास्थ्य, खेल और धार्मिक पर्यटन पर भी काम किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में 30 बिस्तरों के अस्पताल और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में अपग्रेड करने का काम चल रहा है। इसके अलावा खेल सुविधाओं के विस्तार के लिए स्टेडियम का निर्माण और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए शिव महलोक कॉरिडोर की स्वीकृति का भी जिक्र किया।
कार्यक्रम में भाजपा नेता शिवपूजन शुक्ला, सुरेंद्र सिंह चंदेल, जिला पंचायत सदस्य देवेंद्र शुक्ला, मंडल अध्यक्ष विनोद कोल, जिला महामंत्री महेंद्र सिंह अतरैला, विधायक प्रतिनिधि अखिलेश सिंह, पूर्व मंडल अध्यक्ष संजय सोनी सहित जनप्रतिनिधि, शिक्षक, अभिभावक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ शिक्षक बालाजी मिश्र ने किया।
Anubhav Dubey 
