मऊगंज के मदराबल जंगल में लगी भीषण आग, मचा हड़कंप
मऊगंज के मदरावल जंगल में लगी आग। फायर ब्रिगेड और पुलिस की कड़ी मेहनत से कई घंटे बाद आग पर काबू पाया गया और जंगल की कीमती लकड़ियों को सुरक्षित बचाया गया।
मऊगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत मदरावल जंगल में अज्ञात कारणों के चलते आग लग गई। आग देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर ली, जिसे देखकर आसपास के ग्रामीण दहशत में आ गए। आग की लपटें तेजी से बढ़ती देख स्थानीय लोगों द्वारा 112 पुलिस एवं फायर ब्रिगेड टीम को सूचित किया गया। जंगल में लगी भीषण आग की जानकारी होते ही 112 पुलिस टीम एवं फायर ब्रिगेड दल मौके पर पहुंचे और कई घंटे की कड़ी मेहनत के बाद जंगल में फैली आग पर काबू पाया।

स्थानीय लोगों के अनुसार यदि दमकल टीम द्वारा समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता तो आग की लपटें तेजी से फैल रही थीं और जिस ओर हवा का रुख होता था, उसी तरफ आग की लपटें फैलती जा रही थीं और कुछ ही घंटे में पूरे जंगल को अपने आगोश में ले लेतीं।
लेकिन दमकल टीम द्वारा समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे जंगल की वेशकीमती लकड़ियों को सुरक्षित बचा लिया गया। वहीं, यदि आग फैलती तो वन संपदा के साथ-साथ गांव की ओर भी आग बढ़ती और बड़ी घटना घट सकती थी।

