गणतंत्र दिवस समारोह में बड़ी चूक: शहीद की पत्नी को सम्मान देना भूले प्रभारी मंत्री

आगर मालवा के गणतंत्र दिवस समारोह में शहीद बद्रीलाल यादव की पत्नी को सम्मानित करना भूलने की चूक हुई, जिसे नागरिकों के टोकने पर बाद में सुधारा गया।

गणतंत्र दिवस समारोह में बड़ी चूक: शहीद की पत्नी को सम्मान देना भूले प्रभारी मंत्री

आगर मालवा: गणतंत्र दिवस पर आयोजित मुख्य समारोह में एक बड़ी चूक सामने आई।आगर मालवा प्रभारी मंत्री नागर सिंह चौहान ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड की सलामी ली, लेकिन सम्मान कार्यक्रम के दौरान शहीद बद्रीलाल यादव की पत्नी को सम्मानित करना भूल गए। बाद में नागरिकों के टोकने पर मंत्री ने उन्हें सम्मानित किया।

प्रभारी मंत्री ने सीएम का संदेश वाचन किया

समारोह में प्रभारी मंत्री नागर सिंह चौहान ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के संदेश का वाचन किया। उन्होंने प्रदेश सरकार के विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं और भविष्य की प्रतिबद्धताओं पर प्रकाश डाला।मुख्यमंत्री के संदेश के बाद गुब्बारे छोड़े गए और हर्ष फायर किया गया। इसके उपरांत मंत्री ने पुलिस लाइन, महिला पुलिस, स्काउट-गाइड, महिला एवं बाल विकास विभाग के शौर्य दल और स्कूली टुकड़ियों की परेड का निरीक्षण कर उनके अनुशासन की सराहना की।

मंत्री की भूल से मंच पर खड़ी रहीं शहीद की पत्नी, बाद में हुआ सम्मान

मंच पर कलेक्टर प्रीति यादव, पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार सहित जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। इसके बाद शहीदों के परिजनों और लोकतंत्र प्रहरियों के सम्मान का कार्यक्रम शुरू हुआ।सम्मान समारोह में प्रभारी मंत्री नागर सिंह चौहान ने शहीद बनवारीलाल राठौर के परिजनों को सम्मानित किया। इसी दौरान शहीद बद्रीलाल यादव की पत्नी निशा यादव अपने छोटे बच्चे के साथ सम्मान के लिए निर्धारित स्थान पर खड़ी थीं। हालांकि, अधिकारियों की चूक के कारण मंत्री उन्हें सम्मानित किए बिना ही लोकतंत्र प्रहरियों का सम्मान करने लगे और फिर अपना स्थान ग्रहण करने के लिए आगे बढ़ गए।

सम्मान कार्यक्रम में भूल, नागरिकों ने दिलाया शहीद को हक

उपस्थित नागरिकों ने तुरंत अधिकारियों का ध्यान इस चूक की ओर आकर्षित किया। इसके बाद प्रभारी मंत्री नागर सिंह चौहान वापस लौटे और शहीद बद्रीलाल यादव की पत्नी निशा यादव का सम्मान किया। इस घटनाक्रम ने समारोह स्थल पर अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए।समारोह का समापन स्कूली बच्चों द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति से ओतप्रोत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ हुआ।

यह फोटो गैलरी सिर्फ जानकारी के लिए है और यह प्रोफेशनल सलाह का विकल्प नहीं है. मार्गदर्शन के लिए हमेशा किसी योग्य विशेषज्ञ से सलाह लें. पब्लिक वाणी इसकी पुष्टि नहीं करता,आंकड़ों में बदलाव हो सकता है.