MP में आंधी-बारिश का अलर्ट: 18 मार्च तक कई जिलों में गरज-चमक के साथ बरसात, कई शहरों में पारा 37 डिग्री पार
मध्यप्रदेश में अगले 4 दिन आंधी बारिश का अलर्ट। पश्चिमी विक्षोभ और टर्फ की वजह से बदल रहा मौसम।
मध्यप्रदेश में तेज गर्मी के बीच मौसम अचानक करवट लेने वाला है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में अगले चार दिनों तक आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है। पश्चिमी विक्षोभ और टर्फ सिस्टम के सक्रिय होने से 16 से 18 मार्च के बीच कई जिलों में बादल छाने, तेज हवा चलने, गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 17 मार्च को उत्तर-पश्चिम भारत में एक नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय हो सकता है, जिसका असर मध्यप्रदेश के मौसम पर भी पड़ेगा। इसके कारण प्रदेश के कई इलाकों में बादल, आंधी और बारिश का दौर जारी रह सकता है।
मौसम विभाग के मुताबिक 16 मार्च को बैतूल, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, मंडला, बालाघाट, डिंडौरी और अनूपपुर जिलों में बारिश की संभावना है। वहीं 17 मार्च को सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी और अनूपपुर में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। 18 मार्च को ग्वालियर, भिंड, मुरैना, श्योपुर, शहडोल, अनूपपुर, डिंडौरी, मंडला, बालाघाट, सिवनी, छिंदवाड़ा और पांढुर्णा जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
इधर प्रदेश के कई हिस्सों में गर्मी का असर भी लगातार बना हुआ है। शनिवार को नर्मदापुरम के बाद खरगोन सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 39.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा मंडला, रतलाम, दमोह, खंडवा, खजुराहो, रायसेन, शाजापुर, गुना, नरसिंहपुर, सतना, सिवनी, बैतूल, छिंदवाड़ा, टीकमगढ़, उमरिया, सागर और धार में भी तापमान 37 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक दर्ज किया गया।
प्रमुख शहरों की बात करें तो भोपाल में अधिकतम तापमान 37.2 डिग्री, इंदौर में 36.6 डिग्री, ग्वालियर में 34.1 डिग्री, उज्जैन में 36.5 डिग्री और जबलपुर में 37.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में आंधी और बारिश से कुछ क्षेत्रों में गर्मी से राहत मिल सकती है।
Varsha Shrivastava 
