मुरैना में दिल दहला देने वाली घटना : चौथी मंजिल से कूदी महिला, गंभीर हालत में दिल्ली रेफर ; कूदने का वीडियो आया सामने

Morena News : बच्चे की ‘मम्मी-मम्मी’ की पुकार और पति की समझाइश भी नहीं रोक सकी; गंभीर हालत में दिल्ली रेफर, आत्मघाती कदम उठाने की वजह स्पष्ट नहीं

मुरैना में दिल दहला देने वाली घटना : चौथी मंजिल से कूदी महिला, गंभीर हालत में दिल्ली रेफर ; कूदने का वीडियो आया सामने

Morena News : मुरैना। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में एक महिला द्वारा चौथी मंजिल से छलांग लगाकर जान देने की कोशिश करने का मामला सामने आया है। घटना सोमवार सुबह करीब 4 बजे नैनागढ़ रोड स्थित एक मकान में हुई। महिला को रोकने के लिए पति, बच्चे और मोहल्ले के लोगों ने काफी प्रयास किए, लेकिन वह नहीं मानी। चौथी मंजिल से गिरने के कारण महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे पहले जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर दिल्ली रेफर कर दिया गया।

बच्चे की पुकार भी नहीं रोक पाई महिला को 

जानकारी के अनुसार, सोमवार तड़के महिला मकान की चौथी मंजिल पर पहुंच गई और रेलिंग से नीचे कूदने की कोशिश करने लगी। नीचे मौजूद पति, बच्चे और परिवार के अन्य सदस्यों ने उसे आवाज देकर रोकने का प्रयास किया। पति लगातार उसे नीचे उतरने के लिए समझाता रहा, वहीं बच्चा अपनी मां को ‘मम्मी-मम्मी’ कहकर पुकारता रहा। घटना के दौरान का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें बच्चे की आवाज सुनाई दे रही है।

समझाने की कोशिश नाकाम, लगा दी छलांग

महिला को छत पर देखकर परिजनों ने उसे शांत करने और नीचे आने के लिए मनाने की कोशिश की। शोर सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए और महिला को समझाने का प्रयास किया। इसके बावजूद महिला ने चौथी मंजिल से छलांग लगा दी। घटना के बाद परिजन उसे तत्काल कार से जिला अस्पताल लेकर पहुंचे।

दिल्ली में महिला की हालत नाजुक

जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद महिला की गंभीर हालत को देखते हुए उसे दिल्ली रेफर कर दिया गया। फिलहाल दिल्ली में उसका उपचार जारी है और उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

महिला ने ऐसा कदम क्यों उठाया, जांच का विषय

महिला ने किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया, इसकी वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है। घटना के पीछे के कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।