Indore Illegal Firecrackers : आइसक्रीम पार्लर की आड़ में पटाखों का अवैध कारोबार, दो लाख के पटाखे जब्त
Indore Illegal Firecrackers : इंदौर के राधिका आइसक्रीम पार्लर से पुलिस ने करीब दो लाख रुपये के पटाखे जब्त किए। दुकान संचालक को गिरफ्तार कर विस्फोटक अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
Indore Illegal Firecrackers : मध्य प्रदेश। इंदौर में आइसक्रीम की दुकान की आड़ में अवैध पटाखों का कारोबार किए जाने का मामला सामने आया है। एरोड्रम थाना पुलिस ने सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए दुकान से करीब दो लाख रुपये कीमत के पटाखे जब्त किए हैं। पुलिस ने दुकान संचालक को गिरफ्तार कर विस्फोटक अधिनियम सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है।
दरअसल यह मामला इंदौर के 60 रोड स्थित राधिका आइसक्रीम पार्लर का है। एरोड्रम थाना प्रभारी मनोज सेंधवा के मुताबिक, पुलिस को सूचना मिली थी कि आइसक्रीम पार्लर की आड़ में अवैध रूप से पटाखों का कारोबार किया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दुकान की जांच की। जांच के दौरान दुकान के अंदर बड़े-बड़े कार्टूनों में रखे पटाखे बरामद हुए।
पुलिस ने मौके से करीब 50 बोरियों और पैकेटों में रखे माचिस बम जब्त किए हैं। जब्त पटाखों की अनुमानित कीमत करीब दो लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने इस मामले में सागर नवीन, पिता राजेंद्र नवीन, उम्र 38 वर्ष, निवासी पल्हर नगर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम सहित अन्य संबंधित धाराओं में कार्रवाई की गई है। पुलिस अब मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

