आज से MP विधानसभा में विधायकों की डिजिटल ट्रेनिंग: नेवा एप्लीकेशन से ऑनलाइन लगाएंगे सवाल, 30 अक्टूबर तक चलेगा प्रशिक्षण
पेपरलेस होगी मध्य प्रदेश विधानसभा की कार्यवाही: विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर करेंगे डिजिटल ट्रेनिंग का उद्घाटन, OSD और निजी सहायक भी सीखेंगे नेवा एप्लीकेशन, 30 अक्टूबर तक चलेगा तीन दिवसीय आयोजन
भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा में विधायकों को डिजिटल और पेपरलेस कार्यप्रणाली से परिचित कराने के लिए बुधवार से तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू होगा। ‘एक राष्ट्र, एक एप्लीकेशन’ की अवधारणा के तहत विधायकों को नेशनल ई-विधान एप्लीकेशन (NEVA) के उपयोग की जानकारी दी जाएगी। विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे। प्रशिक्षण 30 अक्टूबर तक चलेगा।
इस कार्यक्रम में मंत्रियों और विधायकों को नेवा ऐप के माध्यम से ऑनलाइन प्रश्न लगाने, प्रश्नों के उत्तर देखने और सदन की कार्यवाही से जुड़ी विभिन्न प्रक्रियाओं की जानकारी दी जाएगी। प्रशिक्षण के लिए विधायकों को पांच बैच में बांटा गया है। प्रत्येक बैच में 50 विधायकों को शामिल किया गया है।
प्रश्न, ध्यानाकर्षण और याचिकाएं होंगी डिजिटल
ई-विधानसभा की व्यवस्था लागू होने के बाद विधायक प्रश्न, ध्यानाकर्षण प्रस्ताव, स्थगन प्रस्ताव से संबंधित सूचनाएं, संकल्प और याचिकाएं डिजिटल माध्यम से प्रस्तुत कर सकेंगे। सदन की कार्यसूची, प्रश्नों के उत्तर, विधेयक और अन्य विधायी दस्तावेज भी ऑनलाइन उपलब्ध होंगे। इसके अलावा पुराने प्रश्नों और सदन की कार्यवाही को डिजिटल माध्यम से देखा जा सकेगा।
OSD और निजी सहायकों को भी प्रशिक्षण
विधायकों के कामकाज में सहयोग करने वाले विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारियों (OSD) और निजी सहायकों को भी प्रशिक्षण दिया जाएगा। इनके लिए अलग-अलग दिनों में सत्र आयोजित किए जाएंगे, ताकि वे विधायकों को डिजिटल प्रक्रियाओं के इस्तेमाल में सहायता कर सकें।
इस पहल का उद्देश्य विधानसभा के कामकाज को अधिक सुगम, पारदर्शी और तकनीक आधारित बनाना है। पेपरलेस व्यवस्था से कागजों के उपयोग में कमी आने के साथ विधायी दस्तावेजों तक पहुंच भी आसान होने की उम्मीद है।
Varsha Shrivastava 
