नकली पटवारी बनकर शिक्षक से 9500 की लूट: मऊगंज में रूपए छीनकर बुलेट से भागा बदमाश

मऊगंज में फिर सक्रिय हुआ 'बुलेट वाला नकली पटवारी प्रणाम कर बोला - मैं पटवारी हूं फिर शिक्षक से नोट छीनकर बुलेट से भागा बदमाश पुलिस की एडवाइजरी के बाद भी नहीं थमा ठगी का सिलसिला, शिक्षक बना नया शिकार

नकली पटवारी बनकर शिक्षक से 9500 की लूट: मऊगंज में रूपए छीनकर बुलेट से भागा बदमाश

राजेंद्र पयासी मऊगंज: जिला मुख्यालय में 10 सितंबर को हुई सनसनीखेज वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया। बुलेट सवार एक शातिर बदमाश ने शासकीय कर्मचारी, पटवारी बनकर एक निजी स्कूल के शिक्षक को झांसे में लिया और 9500 रुपए की कथित लूट की वारदात को अंजाम देकर फरार हो गया। दिनदहाड़े हुई इस घटना से स्थानीय नागरिकों में दहशत का माहौल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना 10 सितंबर की है। पीड़ित देवेंद्र मणि द्विवेदी पिता चिंतामणि द्विवेदी, निवासी ग्राम पिपरा, थाना लौर, वर्तमान में मऊगंज के मां गायत्री पब्लिक स्कूल में शिक्षक के पद पर पदस्थ हैं। प्रतिदिन की तरह स्कूल में छुट्टी होने के बाद वह पैदल अपने घर की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान वार्ड 8 में राजभान कुशवाहा की दुकान के समीप पीछे से आई तेज रफ्तार बुलेट पर सवार एक व्यक्ति ने अचानक उनका रास्ता रोक लिया।

पीड़ित के पुलिस को दिए बयान के मुताबिक आरोपी ने काले रंग की शर्ट-पैंट पहन रखी थी और चेहरे पर हेलमेट लगाया हुआ था, जिससे उसकी पहचान छिपी रही। आरोपी ने बड़ी ही शालीनता से शिक्षक को प्रणाम किया और कहा - मैं हल्का पटवारी हूं, आपसे थोड़ा काम है। शिक्षक के रुकते ही आरोपी ने बातों में उलझाकर उनके हाथ में रखे 9500 रुपए छीन लिए और बुलेट स्टार्ट कर मऊगंज बाजार की ओर फरार हो गया। पीड़ित ने शोर मचाया, लेकिन भीड़-भाड़ वाले इलाके में भी कोई उसे पकड़ नहीं सका।

जिले में इस तरह की घट चुकी है कई घटनाएं

मऊगंज जिला मुख्यालय में घटित यह घटना कोई पहली घटना नहीं है। बल्कि जिले में नकली पटवारी बनकर ठगी करने वाला गिरोह लंबे समय से सक्रिय बताया जा रहा है। इसके पूर्व नईगढ़ी थाना क्षेत्र के शिवराजपुर गांव में कोरोना वैक्सीन लगवाने पर 56 हजार रुपए की सहायता राशि दिलाने का झांसा देकर एक बुजुर्ग दंपती से सोने के जेवरात ठग लिए गए थे। इसी तरह पीएम आवास योजना का लाभ दिलाने के नाम पर भी ठगी की शिकायतें सामने आ चुकी हैं। इन घटनाओं के बाद पुलिस ने लोगों से अपील करते हुए एडवाइजरी भी जारी की थी कि कोई भी पटवारी घर आकर या रास्ते में रोककर पैसे या जेवर नहीं मांगता।


इधर इस ताजा वारदात के बाद मऊगंज थाना पुलिस ने अज्ञात बुलेट सवार के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी है। पुलिस का कहना है कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं तथा आरोपी की बुलेट के आधार पर उसकी तलाश की जा रही है। वहीं स्थानीय लोगों का कहा कि यदि पुलिस ने पहले की घटनाओं में सख्त कार्रवाई की होती तो बदमाश के हौसले इतने बुलंद न होते।