MP में बदला मौसम, भोपाल,इंदौर समेत कई जिलों में बारिश
MP में बदला मौसम, इंदौर समेत कई जिलों में बारिश बड़वानी समेत कई जिलों में ओले गिरे और आंधी चली फसलों को नुकसान
मध्य प्रदेश में 19 मार्च की रात से अचानक मौसम बदल गया। कई जिलों में तेज बारिश हुई आंधी भी चली। कई जिलों में ओले गिरने से किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचा। इंदौर, उज्जैन और रतलाम समेत कई शहरों में तेज बारिश के साथ् आंधी चली। इससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग ने 33 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा रात में जबलपुर, धार और छिंदवाड़ा में ओले गिरने और बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है।
धार में गेहूं की फसल को नुकसान
धार में 19 मार्च की रात करीब 10:35 बजे अचानक बिजली चमकी और तेज गरज के साथ मूसलाधार बारिश शुरू हुई। इस बेमौसम बारिश से खेतों में पककर तैयार खड़ी गेहूं की फसल को नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है। बारिश से किसानों के चेहरे पर चिंता साफ देखी गई।
आगर में तेज आंधी के साथ बारिश
आगर मालवा में 19 मार्च की रात मौसम ने करवट ली और बेमौसम बारिश शुरू हुई। रात करीब 8 बजे से तेज धूल भरी आंधी चली, इसके बाद अचानक बिजली की कड़कड़ाहट के साथ बारिश शुरू हुई, जो लगभग 45 मिनट तक जारी रही। बारिश से गर्मी से राहत मिली, हालांकि सामान्य जन जीवन प्रभावित हुआ।
दमोह ब्लॉक में झमाझम बारिश
दमोह के तेंदूखेड़ा ब्लॉक में भी रात करीब साढ़े आठ बजे तेज झमाझम बारिश हुई, जो लगभग आधे घंटे तक जारी रही। इससे पहले चली तेज आंधी के कारण कई जगह बिजली आपूर्ति बाधित हुई।
खरगोन में बिजली गिरने से महिला की मौत
खरगोन के झिरन्या क्षेत्र के करानिया गांव में खेत पर काम कर रही 55 वर्षीय महिला उंदरीबाई पर आकाशीय बिजली गिर गई, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
अप्रैल-मई में चलेगी लू
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, अप्रैल और मई में 15 से 20 दिन तक लू चल सकती है। मार्च के दूसरे सप्ताह में नर्मदापुरम में लगातार 3 दिन तक तीव्र लू वाला मौसम रहा। मौसम विभाग ने बताया कि मार्च के आखिरी सप्ताह से लू का असर दिखाई देने लगेगा।

