19 April 2026: पुलिस के कांबिंग गस्त ने 389 बदमाशों पर की कार्रवाई, पढ़ें इंदौर क्राइम की खबरें
पुलिसकर्मी को फोन पर जान से मारने की धमकी देने वाले आरोपी के तार गुजरात से जुड़े। आईपीएल मैच पर सट्टा लगाते 5 सटोरिए किए गए गिरफ्तार।
389 बदमाशों पर करी गई कार्रवाई, 140 से ज्यादा वारंट भी कराए तामील
इंदौर में कानून व्यवस्था मजबूत करने के लिए पुलिस ने बड़े स्तर पर अभियान चलाया है। इस दौरान सैकड़ों बदमाशों और असामाजिक तत्वों पर कार्रवाई की गई है। पुलिस ने वारंट तामील करने से लेकर शराबी ड्राइवरों और अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों पर सख्ती दिखाई है।

दरअसल, इंदौर पुलिस द्वारा चलाए गए विशेष अभियान के तहत शहरभर में गुंडे-बदमाशों और असामाजिक तत्वों की सघन चेकिंग की गई। इस दौरान कुल 389 लोगों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई। इस अभियान के तहत विभिन्न मामलों में वांछित 140 से ज्यादा वारंट तामील कराए गए, जिनमें 27 स्थायी, 40 गिरफ्तारी और 73 जमानती वारंट शामिल हैं।

वहीं, शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर भी पुलिस ने सख्ती दिखाई और 176 लापरवाह चालकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई की गई। इसके अलावा अवैध हथियार लेकर घूम रहे एक बदमाश को गिरफ्तार कर आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया।

सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वाले तीन लोगों और गांजा पीते एक आरोपी को भी पुलिस ने पकड़ा है। वही आदतन अपराधियों पर भी पुलिस ने शिकंजा कसते हुए अलग-अलग धाराओं में कुल 68 बदमाशों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है।
पुलिसकर्मी को फोन पर जान से मारने की धमकी, आरोपी के तार गुजरात से जुड़े
इंदौर में एक पुलिसकर्मी को फोन पर धमकी देने का मामला सामने आया है। अज्ञात व्यक्ति ने कॉल कर अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामला कनाडिया थाना क्षेत्र का है, जहां प्रधान आरक्षक किशोर सावलिया को एक अज्ञात नंबर से फोन आया। कॉल करने वाले ने बातचीत के दौरान गाली-गलौज की और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जिस मोबाइल नंबर से कॉल किया गया, उसके तार गुजरात से जुड़े हुए हैं।

खास बात यह है कि आरोपी और पुलिसकर्मी के बीच किसी तरह का पुराना परिचय या विवाद भी सामने नहीं आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब मोबाइल नंबर की तकनीकी जांच कर रही है और कॉल डिटेल्स खंगाली जा रही हैं, ताकि आरोपी की पहचान और लोकेशन का पता लगाया जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की मंशा क्या थी, इसका भी पता लगाया जा रहा है और जल्द ही उसे गिरफ्तार करने की कोशिश की जा रही है।
आईपीएल मैच पर सट्टा लगाते 5 सटोरिए गिरफ्तार, पैसों के लेनदेन की लिंक तलाश रही पुलिस
इंदौर में आईपीएल मैच पर ऑनलाइन सट्टा लगाने वालों के खिलाफ खजराना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने घेराबंदी कर 5 सटोरियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है, जो मोबाइल के जरिए मैच पर दांव लगा रहे थे। दरअसल, शहर में क्रिकेट मैचों पर सट्टा लगाने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत खजराना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि स्टार चौराहे के पास ग्रीन बेल्ट क्षेत्र में कुछ लोग मोबाइल पर सट्टा लगा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और पांच संदिग्धों को पकड़ लिया।

जांच के दौरान सामने आया कि सभी आरोपी दिल्ली कैपिटल्स और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के आईपीएल के मैच पर ऑनलाइन हार-जीत का सट्टा लगा रहे थे। वही पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मोबाइल फोन जब्त किए हैं और सभी को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ जुआ एक्ट के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस पुलिस पूरे के मामले में पैसे के लेनदेन को लेकर उसके लिंक तलाश रही है, कि यह पैसा किस तरीके से इन सटोरियों के पास आता था और किस तरीके से यह आरोपी जीतने वालों तक पैसा पहुंचाते थे।
वीडियो वायरल करने की धमकी देकर हुई ब्लैकमेलिंग, पीड़िता की शिकायत पर आरोपी गिरफ्तार
इंदौर में ब्लैकमेलिंग का गंभीर मामला सामने आया है। एक युवक ने महिला के निजी फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उससे हजारों रुपये ऐंठ लिए। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। भंवरकुआं थाने पर पीड़िता ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसे जानने वाला राम नाम का युवक उसके निजी फोटो और वीडियो के जरिए ब्लैकमेल कर रहा था। आरोपी ने सामग्री वायरल करने की धमकी देते हुए उससे पैसों की मांग की और डराकर करीब 60 हजार रुपये वसूल लिए।

इसके बावजूद जब आरोपी की मांगें लगातार बढ़ती गईं, तो परेशान होकर पीड़िता ने पुलिस की मदद ली। शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने आरोपी का मोबाइल भी जब्त कर लिया है और अब तकनीकी जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसके पास पीड़िता की कितनी आपत्तिजनक सामग्री थी और वह उसका किस तरह इस्तेमाल कर रहा था। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पहचान छुपाकर छात्रा से दुष्कर्म और धर्म परिवर्तन का दबाव, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
इंदौर में एक छात्रा के साथ धोखे से संबंध बनाने और धर्म परिवर्तन के लिए दबाव डालने का मामला सामने आया है। आरोपी युवक ने अपना नाम बदलकर छात्रा से दोस्ती की और बाद में शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी को हिरासत में ले लिया है।दरअसल, किराए पर रहकर निजी कॉलेज में पढ़ाई कर रही एक छात्रा ने खजराना थाने में शिकायत दर्ज कराई है। छात्रा का आरोप है कि करीब एक साल पहले उसकी मुलाकात एक युवक से हुई, जिसने खुद को राहुल बताया था। दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और दोस्ती बढ़ गई। पीड़िता के मुताबिक, युवक उसे अपने घर मिलने के बहाने ले गया, जहां उसने शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए।

बाद में उसने अपनी असली पहचान उजागर करते हुए बताया कि उसका नाम अब्दुल अजीज पठान है और शादी के लिए धर्म की परिवर्तन की शर्त रखी। जब छात्रा ने विरोध किया तो आरोपी ने उसे वीडियो वायरल करने की धमकी दी और लगातार ब्लैकमेल कर शोषण करता रहा। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि उसे जबरन धार्मिक रीति-रिवाजों का पालन करने के लिए मजबूर किया गया और गर्भवती होने पर दबाव बनाकर दवाइयां भी दी गईं। घटना से आहत छात्रा इंदौर छोड़कर छिंदवाड़ा चली गई, जहां उसने परिजनों को पूरी बात बताई। इसके बाद वह करणी सेना के पदाधिकारियों के साथ थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराई। वही इस मामले में पुलिस ने गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपी को हिरासत में ले लिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
पड़ोसियों के बीच विवाद ने लिया हिंसक रूप, पथराव और मारपीट का वीडियो वायरल
इंदौर के चंदन नगर थाना क्षेत्र में मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दो पड़ोसी परिवारों के बीच शुरू हुआ झगड़ा देखते ही देखते मारपीट और पथराव तक पहुंच गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों पर मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। दरअसल, राजनगर कॉलोनी में आमने-सामने रहने वाले अंकित पगारे और कुलदीप के परिवारों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया।

पुलिस के मुताबिक, घटना के समय दोनों पक्षों के लोग नशे की हालत में थे, जिसके चलते कहासुनी जल्द ही हिंसक झगड़े में बदल गई। दोनों तरफ से जमकर गाली-गलौज और मारपीट हुई, वहीं गुस्साए लोगों ने एक-दूसरे के घरों पर पत्थर भी फेंके। इलाके में कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति बन गई। घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस हरकत में आई और दोनों पक्षों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर कुछ लोगों को गिरफ्तार भी कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।
ऑनलाइन सट्टेबाजी का बड़ा खुलासा, पुलिस ने दो युवकों को रंगे हाथों किया गिरफ्तार
एंकर - इंदौर में ऑनलाइन सट्टेबाजी का बड़ा खुलासा हुआ है। आईपीएल मैच पर दांव लगाते हुए पुलिस ने दो युवकों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी कार में बैठकर मोबाइल के जरिए पूरे सट्टे का संचालन कर रहे थे। पुलिस ने मौके से करीब 10 लाख रुपए नकद, 5 मोबाइल फोन और एक कार जब्त की है। विजयनगर थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि आर्बिट मॉल के पास एक क्रेटा कार में बैठकर ऑनलाइन सट्टा संचालित किया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर मौके पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान कार में मौजूद दो युवक आकाश जिंदल निवासी इंदौर और प्रियांशु जैन निवासी नीमच को गिरफ्तार किया है।

प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि दोनों आरोपी मोबाइल और ऑनलाइन लिंक के जरिए आईपीएल में गुजरात टाइटंस के मैच पर सट्टा लगवा रहे थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक कार, 5 मोबाइल फोन और करीब 10 लाख रुपए नकद बरामद किए हैं।मोबाइल फोन में सट्टेबाजी से जुड़े कई डिजिटल सबूत मिले हैं, जिनके आधार पर पुलिस अब पूरे नेटवर्क की जांच में जुट गई है। फिलहाल दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश करने की तैयारी की जा रही है, साथ ही अन्य जुड़े लोगों की तलाश जारी है।
मेक अप आर्टिस्ट के साथ लाखों रुपये की ठगी, आरोपी की तलाश शुरू
इंदौर के परदेशीपुरा इलाके में एक मेक अप आर्टिस्ट युवती के साथ लाखों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। आरोपी ने पहले युवती से दोस्ती की, फिर भरोसा जीता और निवेश के नाम पर बड़ा लाभ दिलवाने का झांसा देकर रकम हड़प ली। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। पीड़िता दीपमाला ने पुलिस को बताया कि उसकी मुलाकात आरोपी हर्ष भार्गव से फीनिक्स मॉल में हुई थी, जहां वह पहले काम करती थी। मुलाकात के बाद आरोपी उससे लगातार संपर्क में रहा और धीरे-धीरे भरोसा जीत लिया।

इसके बाद आरोपी ने प्रॉपर्टी और SIP यानी सिस्टेमेटिक इन्वेस्टमेंट प्लान में निवेश का लालच दिया। उसने दावा किया कि निवेश पर 25 प्रतिशत तक मुनाफा मिलेगा। आरोपी ने शुरुआत में 2 लाख रुपये जमा करवाए और भरोसा दिलाया कि कुछ समय बाद अच्छा रिटर्न मिलेगा।युवती आरोपी की बातों में आ गई और धीरे-धीरे बड़ी रकम निवेश कर दी, लेकिन बाद में न तो कोई मुनाफा मिला और न ही आरोपी ने पैसे लौटाए। जब युवती को ठगी का अहसास हुआ तो उसने परदेशीपुरा थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है और लोगों से ऐसे लालच में न आने की अपील की है।
Varsha Shrivastava 
