मऊगंज में गैस रिसाव से किराए के मकान में लगी भीषण आग गृहस्थी जलकर खाक
मऊगंज में गैस रिसाव से किराए के मकान में लगी भीषण आग गृहस्थी जलकर खाक, सात सिलेंडरों के बीच टला बड़ा हादसा
राजेंद्र पयासी मऊगंज: मऊगंज जिला मुख्यालय स्थित बांराव रोड स्थित कलेक्ट्रेट के पास केशव कुंज के सामने 5 अगस्त की सुबह गैस सिलेंडर में लीकेज के कारण एक किराए के मकान में भीषण आग लग गई। हादसे में गुप्ता परिवार की पूरी गृहस्थी जलकर खाक हो गई। आग में दो मोबाइल फोन भी जलकर नष्ट हो गए। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
घर में रखा अनाज, कपड़े, बर्तन, बिस्तर और अन्य घरेलू सामान जला
जानकारी के अनुसार सुबह अचानक गैस रिसाव के बाद आग ने पूरे कमरे को अपनी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते घर में रखा अनाज, कपड़े, बर्तन, बिस्तर और अन्य घरेलू सामान जल गया। बताया जा रहा है कि मकान के अंदर कुल सात गैस सिलेंडर रखे हुए थे, जिनमें से दो उस समय चालू अवस्था में थे। वहीं भवन परिसर में कई दोपहिया वाहन खड़े थे और कई अन्य परिवार भी किराए से रह रहे हैं। यदि आग पर समय रहते काबू नहीं पाया जाता तो सिलेंडरों में विस्फोट से पूरे मोहल्ले में बड़ा हादसा हो सकता था। घटना की सूचना जिला कलेक्टर को दी गई। कलेक्टर ने तत्काल संज्ञान लेते हुए फायर ब्रिगेड और पुलिस को मौके पर भेजने के निर्देश दिए।
सूचना पर फायर ब्रिगेड और पुलिस टीम मौके पर पहुंची
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। आर्मी फिजिकल एकेडमी के संचालक राजकुमार जायसवाल और स्थानीय लोगों की तत्परता से आग पर जल्द काबू पा लिया गया। साथ ही आसपास के घरों में चालू मिले दो गैस सिलेंडरों को तुरंत बंद कराया गया, जिससे बड़ी अनहोनी टल गई। फिलहाल पुलिस और प्रशासन द्वारा घटना स्थल का निरीक्षण कर जांच की जा रही है।

