कोटर थाने के एएसआई का धमकी भरा वीडियो वायरल, सरपंच पति से कहा– प्रधानमंत्री से भी शिकायत करो, जांच तो हम ही करेंगे

कोटर थाने के एएसआई का धमकी भरा वीडियो वायरल, सरपंच पति से बोले- प्रधानमंत्री से भी शिकायत करो, जांच तो हम ही करेंगे....

सतना जिले के कोटर थाना क्षेत्र से पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े करने वाला एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वायरल वीडियो में कोटर थाने में पदस्थ SI नरेश सिंह बघेल ग्राम पंचायत अकौना के सरपंच पति अनुराग सिंह को कथित तौर पर धमकाते हुए सुनाई दे रहे हैं. वीडियो रात के समय का बताया जा रहा है, जिसमें अंधेरे के कारण पुलिसकर्मी का चेहरा स्पष्ट नहीं दिख रहा, लेकिन आवाज में एएसआई यह कहते हुए सुनाई दे रहे हैं कि “प्रधानमंत्री से भी शिकायत कर लो, जांच तो हम ही करेंगे.

जानकारी के अनुसार, इससे पहले ग्राम पंचायत अकौना की सरपंच श्रद्धा सिंह ने संबंधित पुलिसकर्मी के खिलाफ सीएम हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायत में बीट प्रभारी द्वारा ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को परेशान करने और दबाव बनाने के आरोप लगाए गए थे. आरोप है कि इस शिकायत की जांच का जिम्मा भी उसी पुलिसकर्मी को सौंप दिया गया, जिसके खिलाफ शिकायत की गई थी.

सरपंच पति अनुराग सिंह का कहना है कि शिकायत के बाद से बीट प्रभारी लगातार दबाव बना रहे हैं और शिकायत वापस लेने की धमकी दी जा रही है. आरोप है कि पुलिसकर्मी रात के समय उनके घर पहुंचे और पुरानी घटनाओं का जिक्र करते हुए डराने-धमकाने लगे. इसी दौरान का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिससे मामला और गंभीर हो गया है.

वायरल वीडियो सामने आने के बाद पुलिस विभाग की भूमिका पर भी सवाल उठने लगे हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि शिकायतकर्ता को ही इस तरह धमकाया जाएगा, तो आम नागरिक न्याय की उम्मीद कैसे कर सकता है.