मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 257 से अधिक MSME इकाइयों को 169.57 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि वितरित की

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मुख्यमंत्री निवास, भोपाल में आयोजित कार्यक्रम में MSME इकाइयों को प्रोत्साहन राशि का अंतरण और हितलाभ वितरण किया।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 257 से अधिक MSME इकाइयों को 169.57 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि वितरित की

भोपाल। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मुख्यमंत्री निवास में समर्थ MSME विकसित मध्यप्रदेश की थीम पर आयोजित विशेष कार्यक्रम में 257 से अधिक एमएसएमई इकाइयों को उनके बैंक खातों में 169.57 करोड़ रुपये से अधिक की प्रोत्साहन राशि का वितरण किया। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर स्टार्टअप्स को भी 28.6 लाख रुपये की प्रथम किश्त प्रदान की।

कार्यक्रम में विशेष रूप से MSME मंत्री चेतन्य कुमार काश्यप उपस्थित रहे। लघु उद्योग निगम की ओर से 8 करोड़ रुपये का अंतरिम लाभांश चेक मुख्यमंत्री को सौंपा गया। साथ ही मध्यप्रदेश स्टार्टअप नीति एवं कार्यान्वयन ईआईआर योजना के तहत 43 जिलों के 286 स्टार्टअप्स को 3.43 करोड़ रुपये की सहायता स्वीकृत की गई।

कार्यक्रम के दौरान आगर मालवा और बैतूल जिले के तीन उद्यमियों को औद्योगिक भूमि के लिए आवंटन आदेश और एक उद्यमी को आशय पत्र प्रदान किया गया। इसके अलावा मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना के अंतर्गत तीन हितग्राहियों को 50.5 लाख रुपये की ऋण राशि चेक के माध्यम से वितरित की गई। ऑनलाइन माध्यम से उद्यमियों को विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों में भूमि आवंटन प्रमाण पत्र और आशय पत्र भी प्रदान किए गए।

कार्यक्रम में कई युवा उद्यमियों ने मुख्यमंत्री से संवाद किया और अपने अनुभव साझा किए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य में एमएसएमई और स्टार्टअप्स के विकास के लिए सरकार प्रतिबद्ध है और इस तरह के प्रोत्साहन से उद्यमिता और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। इस अवसर पर राज्य सरकार ने स्पष्ट किया कि उद्यमियों को वित्तीय और तकनीकी सहायता के साथ-साथ औद्योगिक भूमि उपलब्ध कराकर प्रदेश में व्यवसाय के अनुकूल माहौल तैयार किया जा रहा है।