20 जनवरी BJP को मिलेगा नया अध्यक्ष: 9 जनवरी को नामांकन, निर्विरोध अध्यक्ष बन सकते हैं नितिन नबीन
भाजपा को 20 जनवरी को नया राष्ट्रीय अध्यक्ष मिल जाएगा। पार्टी ने इसके लिए शुक्रवार को नोटिफिकेशन जारी किया। इसके मुताबिक 19 जनवरी को नामांकन भरा जाएगा।
भारतीय जनता पार्टी (BJP) को 20 जनवरी 2026 को नया राष्ट्रीय अध्यक्ष मिलेगा। पार्टी ने इसके लिए आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। बीजेपी के वर्तमान कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन के नए अध्यक्ष बनने की संभावना सबसे ज्यादा है और पार्टी उन्हें निर्विरोध अध्यक्ष चुन सकती है।
सूत्रों के अनुसार, नितिन नबीन 19 जनवरी को नामांकन दाखिल करेंगे। भाजपा ने उन्हें 14 दिसंबर 2025 को राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाया था। इससे पहले, साल 2020 में जेपी नड्डा को पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया गया था। उनका कार्यकाल 2024 में समाप्त हो गया था, जिसके बाद वे एक्सटेंशन पर बने रहे। वर्तमान में जेपी नड्डा केंद्र में स्वास्थ्य मंत्रालय की जिम्मेदारी निभा रहे हैं।
BJP के राष्ट्रीय रिटर्निंग ऑफिसर ने जारी किया शेड्यूल
BJP के राष्ट्रीय रिटर्निंग ऑफिसर लक्ष्मण ने चुनाव प्रक्रिया का शेड्यूल जारी किया है। इसके मुताबिक, नामांकन 19 जनवरी को दोपहर 2 बजे से 4 बजे तक भरे जाएंगे, जबकि उसी दिन शाम 5 बजे से 6 बजे तक उम्मीदवार अपना नामांकन वापस ले सकते हैं। यदि आवश्यक हुआ, तो 20 जनवरी को मतदान होगा और उसी दिन नए राष्ट्रीय अध्यक्ष की आधिकारिक घोषणा कर दी जाएगी। पूरी प्रक्रिया पार्टी मुख्यालय, नई दिल्ली में आयोजित की जाएगी।

नितिन बने तो सबसे युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष होंगे
यदि नितिन नबीन को राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया जाता है, तो वे सबसे युवा अध्यक्ष होंगे। वर्तमान में नितिन की उम्र 45 साल है। उनका कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद से पार्टी में युवाओं को आगे लाने की राह और स्पष्ट हुई है। वरिष्ठ नेताओं के अनुसार, नई टीम में महामंत्री, सचिव और अन्य प्रमुख पदों पर ज्यादातर 50 साल से कम उम्र के नेताओं को शामिल किया जाएगा।

भाजपा की नई टीम अगले साल होने वाले पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों के लिहाज से बनाई जाएगी। नितिन नबीन इस टीम को चुनाव के अनुसार तैयार करेंगे। पार्टी में आम तौर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष जूनियर या समकक्ष नेताओं को ही महासचिव, सचिव और अन्य पदों पर नियुक्त करते हैं।
इस प्रकार, नितिन नबीन के नेतृत्व में भाजपा युवा और नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ेगी। 20 जनवरी को नए अध्यक्ष की घोषणा होने के बाद पार्टी की नई टीम अगले छह महीनों में पूरी तरह से तैयार हो जाएगी।
Varsha Shrivastava 
