UPSC CSE 2025 Final Result: राजस्थान के अनुज अग्निहोत्री टॉपर, टॉप 10 में भोपाल के ईशान और धार के प्रक्षल

UPSC सिविल सर्विस 2025 फाइनल रिजल्‍ट जारी। 958 कैंडिडेट्स क्‍वालिफाई। टॉप 10 में 3 लड़कियां शामिल। BJP नेता के बेटे एकांश मिली थर्ड रैंक।

UPSC CSE 2025 Final Result: राजस्थान के अनुज अग्निहोत्री टॉपर, टॉप 10 में भोपाल के ईशान और धार के प्रक्षल

संघ लोक सेवा आयोग (Union Public Service Commission) ने सिविल सेवा परीक्षा 2025 (UPSC Civil Services Examination) का फाइनल रिजल्ट जारी कर दिया है। इस बार के परिणामों में राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले के रावतभाटा निवासी Anuj Agnihotri ने ऑल इंडिया रैंक (AIR) 1 हासिल कर देशभर में पहला स्थान प्राप्त किया है। वहीं चंडीगढ़ के Ekansh Dhull ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीसरा स्थान हासिल किया है। आयोग द्वारा जारी परिणाम के अनुसार कुल 958 उम्मीदवारों का चयन विभिन्न केंद्रीय सेवाओं के लिए किया गया है।

राजस्थान के अनुज अग्निहोत्री टॉपर, BJP नेता के बेटे एकांश मिला तीसरा स्थान

टॉपर अनुज अग्निहोत्री पहले भी दो बार यूपीएससी परीक्षा पास कर चुके हैं। वर्ष 2023 में अपने पहले प्रयास में उन्होंने परीक्षा पास की थी और उन्हें दिल्ली में एसडीएम के पद पर नियुक्ति मिली थी। अनुज के पिता केबी अग्निहोत्री राजस्थान परमाणु बिजलीघर की इकाइयों में कार्यरत हैं, जबकि उनकी मां मंजू अग्निहोत्री गृहिणी हैं। अनुज ने अपनी स्कूली शिक्षा रावतभाटा के परमाणु ऊर्जा केंद्रीय विद्यालय से पूरी की है। 12वीं कक्षा में उन्होंने 94 प्रतिशत अंक हासिल किए थे। पढ़ाई के साथ-साथ उन्हें टेबल टेनिस खेलना भी पसंद है।

वहीं चंडीगढ़ के एकांश ढुल ने तीसरा स्थान हासिल कर अपने परिवार और शहर का नाम रोशन किया है। एकांश हरियाणा के भाजपा नेता Krishan Dhull के बेटे हैं। उनकी इस उपलब्धि के बाद परिवार में खुशी का माहौल है और पूरे शहर में जश्न मनाया जा रहा है।

भोपाल के ईशान 5वीं, धार के प्रक्षल 8वीं, सतना की भूमिका जैन की 331वीं रैंक

यूपीएससी में इस बार जहां टॉप 10 में 3 लड़कियां हैं। वहीं एमपी के 2 छात्र भी टॉप 10 में शामिल हैं। भोपाल के ईशान ने 5वीं रैंक और धार के प्रक्षल ने 8वीं रैंक हासिल की है। प्रदेश के दो होनहार युवाओं ने अपना बड़ा मुकाम हासिल किया है। जिसके लिए सीएम डॉ. मोहन यादव ने बधाई दी है। इसके अलावा सतना की बेटी भूमिका जैन ने 331वीं रैंक हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है। भूमिका की सफलता से परिवार, मित्रों और शहरवासियों में खुशी का माहौल है।

UPSC का रिजल्ट आधिकारिक वेबसाइट upsc.gov.in और upsconline.nic.in पर जारी किया गया है, जहां उम्मीदवार अपनी फाइनल मेरिट लिस्ट देख सकते हैं। इस परीक्षा के जरिए भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS), भारतीय पुलिस सेवा (IPS), भारतीय विदेश सेवा (IFS) समेत कई प्रतिष्ठित सेवाओं के लिए अधिकारियों का चयन किया जाता है।

आयोग द्वारा जारी श्रेणीवार आंकड़ों के अनुसार कुल 958 सफल उम्मीदवारों में 317 सामान्य वर्ग, 104 आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS), 306 अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC), 158 अनुसूचित जाति (SC) और 73 अनुसूचित जनजाति (ST) के उम्मीदवार शामिल हैं। इनमें से 180 उम्मीदवारों का चयन भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के लिए किया गया है।