भोपाल में भारी बारिश के चलते स्कूलों की छुट्टी, 12 अगस्त को नर्सरी से 12वीं तक के स्कूल रहेंगे बंद

भोपाल में भारी बारिश को देखते हुए 12 अगस्त को नर्सरी से 12वीं तक सभी सरकारी और निजी स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है। जिला शिक्षा अधिकारी ने आदेश जारी किया।

भोपाल में भारी बारिश के चलते स्कूलों की छुट्टी, 12 अगस्त को नर्सरी से 12वीं तक के स्कूल रहेंगे बंद

भोपाल। राजधानी भोपाल में लगातार हो रही भारी बारिश को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय की ओर से जारी आदेश के मुताबिक 12 अगस्त 2026 को भोपाल जिले के सभी सरकारी, निजी और अनुदान प्राप्त स्कूलों में नर्सरी से कक्षा 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए अवकाश घोषित किया गया है।

जारी आदेश में MPBSE, CBSE, ICSE समेत अन्य बोर्ड से संचालित सभी स्कूलों को शामिल किया गया है। हालांकि, शिक्षकों और स्कूल कर्मचारियों को निर्धारित स्कूल समय में कार्यालय में उपस्थित रहना होगा। जरूरत के मुताबिक स्कूलों में ऑनलाइन या वर्चुअल कक्षाएं भी संचालित की जा सकेंगी।

जोखिम वाले स्कूलों में कर्मचारियों को नहीं बुलाया जाएगा

जिला शिक्षा अधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया है कि भारी बारिश, बाढ़, सड़क बंद होने, नदी-नालों के उफान या अन्य कारणों से जिन स्कूलों तक पहुंचना जोखिम भरा है, वहां किसी शिक्षक या कर्मचारी को सिर्फ उपस्थिति दर्ज कराने के लिए स्कूल पहुंचने के लिए बाध्य नहीं किया जाएगा। ऐसे स्कूलों को चिन्हित कर कर्मचारियों की उपस्थिति का अलग से सत्यापन कराया जाएगा। यह आदेश 11 अगस्त 2026 को जारी किया गया है और तत्काल प्रभाव से लागू होगा।