बेतवा नदी में अवैध खनन पर किसान नेता का मोर्चा, वीडियो हुआ वायरल
मुंगावली क्षेत्र में खनिज माफिया द्वारा नदी में पांच पनडुब्बी मशीनें लगाकर खुलेआम बजरी का अवैध उत्खनन किया जा रहा है।
अशोकनगर जिले की मुंगावली विधानसभा क्षेत्र से होकर बहने वाली बेतवा नदी में अवैध खनन का मामला एक बार फिर सामने आया है। सागर जिले की बीना विधानसभा के किसान नेता इंदर सिंह ठाकुर ने इस अवैध गतिविधि का वीडियो अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा किया है, जो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि मुंगावली क्षेत्र में खनिज माफिया द्वारा नदी में पांच पनडुब्बी मशीनें लगाकर खुलेआम बजरी का अवैध उत्खनन किया जा रहा है।

किसान नेता ने प्रशासन पर सवाल उठाते हुए कहा कि खनन विभाग की कार्रवाई सिर्फ कागजों तक सीमित है। कुछ दिन पहले भेड़का घाट पर खनिज अधिकारी द्वारा की गई कार्रवाई को उन्होंने दिखावटी बताया। उनका आरोप है कि कार्रवाई के बाद भी उसी स्थान पर दोबारा अवैध खनन शुरू हो गया है। वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है और प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है।
Varsha Shrivastava 
