बैतूल के कुकरू में CM डॉ. मोहन यादव ने किया योग, रुद्राक्ष का पौधा लगाया; बोले- योग को बनाएं रोज की आदत
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बैतूल के हिल स्टेशन कुकरू में स्थानीय ग्रामीणों के साथ योगाभ्यास किया और 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत रुद्राक्ष का पौधा लगाया। इस दौरान उन्होंने योग को दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की और कॉफी बागान का भी निरीक्षण किया।
भोपाल/बैतूल। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार सुबह बैतूल के हिल स्टेशन कुकरू में योगाभ्यास कर दिन की शुरुआत की। उन्होंने स्थानीय ग्रामीणों के साथ कई योगासन किए और लोगों से अपील की कि योग को अपनी रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बनाएं।
मुख्यमंत्री ने यहां 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत रुद्राक्ष का पौधा भी लगाया। इसके बाद उन्होंने कुकरू के कॉफी बागान का निरीक्षण किया और वहां की व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
ग्रामीणों के साथ किए कठिन योगासन
योग सत्र के दौरान मुख्यमंत्री ने मयूरासन, शीर्षासन, ताड़ासन, वृक्षासन, त्रिकोणासन, भद्रासन, वक्रासन, भुजंगासन और शलभासन जैसे कई योगासन किए। इसके अलावा नाड़ी शोधन, तितली और भ्रामरी प्राणायाम भी किया गया।
इस मौके पर अनुसूचित जनजाति आयोग के सदस्य मंगल सिंह धुर्वे, कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे सहित कई अधिकारी और स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।
योग से मिलता है संतुलन और ऊर्जा
योगाभ्यास के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोशल मीडिया पर लिखा कि योग भारत की प्राचीन संस्कृति की अमूल्य धरोहर है। यह तन, मन और आत्मा को संतुलन, ऊर्जा और सकारात्मकता देता है। उन्होंने सभी से अपील की कि स्वस्थ और सशक्त जीवन के लिए योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा जरूर बनाएं।

