Bhopal: “मोदी इतिहास के सबसे कमजोर प्रधानमंत्री” महंगाई पर कांग्रेस का प्रदर्शन

भोपाल में बढ़ती महंगाई के खिलाफ कांग्रेस ने अनोखे अंदाज में प्रदर्शन करते हुए सरकार पर जनता की समस्याओं को नजरअंदाज करने का आरोप लगाया। कार्यकर्ताओं ने गैस, बिजली और पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों को लेकर विरोध जताते हुए बड़े आंदोलन की चेतावनी दी।

Bhopal: “मोदी इतिहास के सबसे कमजोर प्रधानमंत्री” महंगाई पर कांग्रेस का प्रदर्शन
google

राजधानी भोपाल में बढ़ती महंगाई के खिलाफ कांग्रेस ने अनोखे अंदाज में जोरदार प्रदर्शन कर सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। शहर जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में रोशनपुरा चौराहा पर कार्यकर्ता भैंस के आगे बीन बजाते, गले में बल्ब लटकाते और सब्जियों की माला पहनकर सड़कों पर उतरे।

अनोखे प्रदर्शन से दिया संदेश
इस प्रदर्शन के जरिए कांग्रेस ने यह संदेश देने की कोशिश की कि सरकार महंगाई जैसे गंभीर मुद्दे पर जनता की आवाज सुनने के बजाय अनदेखी कर रही है। “भैंस के आगे बीन” के जरिए कार्यकर्ताओं ने सरकार पर जनता की पीड़ा न समझने का आरोप लगाया।

भैंस के पोस्टर के सामने बजी बीन
प्रदर्शन के दौरान भैंस के पोस्टर के सामने बीन बजाकर विरोध दर्ज कराया गया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रवीण सक्सेना ने कहा कि आज महंगाई के खिलाफ यहां “महंगाई की प्रदर्शनी” लगाई गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि भैंस रूपी सरकार के आगे बीन बजाकर महंगाई कम करने की मांग की जा रही है, लेकिन सरकार जनता की समस्याओं को सुनने के बजाय नजरअंदाज कर रही है। सक्सेना ने कहा कि जनता ने जिस भरोसे के साथ सरकार को मैंडेट दिया, उसी जनता पर अब महंगाई बढ़ाकर बोझ डाला जा रहा है।

गैस-बिजली-पेट्रोल के दामों पर घेरा,बड़े आंदोलन की चेतावनी
प्रदर्शन का नेतृत्व प्रवीण सक्सेना ने किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने घरेलू गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों, बिजली दरों में लगातार बढ़ोतरी और पेट्रोल-डीजल की महंगाई को लेकर जमकर नारेबाजी की। प्रवीण सक्सेना ने कहा कि पेट्रोल, डीजल, गैस और अब बिजली की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। यदि इस पर जल्द रोक नहीं लगी, तो कांग्रेस जनता के साथ सड़कों पर उतरकर बड़ा आंदोलन करेगी।

आम जनता की बढ़ी मुश्किलें
कांग्रेस नेताओं का कहना था कि महंगाई ने आम आदमी की जिंदगी मुश्किल कर दी है। रसोई का बजट बिगड़ चुका है और सब्जियों से लेकर ईंधन तक हर चीज महंगी होती जा रही है। गले में बल्ब लटकाकर बिजली बिलों में बढ़ोतरी का विरोध जताया गया, जबकि सब्जियों की माला पहनकर रोजमर्रा की जरूरतों के महंगे होने का संदेश दिया गया।