सतना स्कूल में बच्चों के हाथ में फावड़ा-तगाड़ी, गिट्टी उठवाने का वीडियो वायरल
सतना के रामपुर बघेलान के शासकीय स्कूल त्योंधरा क्रमांक-1 में बच्चों से गिट्टी उठवाने का वीडियो वायरल हुआ है। DEO ने BEO को जांच के निर्देश दिए।
सतना। जिस उम्र में बच्चों के हाथ में किताब-कॉपी और स्कूल बैग होना चाहिए, उसी उम्र में अगर उन्हें फावड़ा और तगाड़ी थमा दी जाए तो सवाल उठना लाजिमी है। सतना के रामपुर बघेलान ब्लॉक के शासकीय विद्यालय त्योंधरा क्रमांक-1 से ऐसा ही मामला सामने आया है। आरोप है कि स्कूल पहुंचे छात्रों से सड़क पर पड़ी गिट्टी फावड़े से उठवाकर दूसरी जगह ले जाई गई।
बच्चों के गिट्टी उठाने का वीडियो वायरल
मामले का वीडियो दो दिन पुराना बताया जा रहा है, जो मंगलवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। वीडियो में कुछ स्कूली बच्चे फावड़े से गिट्टी उठाते और उसे दूसरी जगह ले जाते नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद मामला शिक्षा विभाग के अधिकारियों तक पहुंचा और अब पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
पढ़ाई के बजाय बच्चों से कराया जा रहा था काम?
इस मामले ने स्कूल में बच्चों की पढ़ाई और उनकी सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। सवाल यह है कि आखिर बच्चों को इस तरह के काम में क्यों लगाया गया। अगर स्कूल परिसर या आसपास सड़क का काम चल रहा था तो उसकी जिम्मेदारी बच्चों को देने के बजाय संबंधित कर्मचारियों या मजदूरों से काम कराया जाना चाहिए था।
DEO ने BEO को दिए जांच के निर्देश
वीडियो जिला शिक्षा अधिकारी सलोनी शर्मा के संज्ञान में आने के बाद उन्होंने मामले की जांच के लिए ब्लॉक शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए हैं। अब जांच में यह पता लगाया जाएगा कि बच्चों से गिट्टी उठवाने का काम किसके कहने पर कराया गया और इसके पीछे वजह क्या थी।
फिलहाल शिक्षा विभाग की जांच के बाद ही तस्वीर साफ होगी कि बच्चों को इस काम में किसने लगाया था और मामले में जिम्मेदारी किसकी बनती है। वहीं, ग्रामीणों और अभिभावकों ने भी मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की है।
Anubhav Dubey 
