सतना में ढाबे पर दर्जनभर युवकों का हमला: कर्मचारी गंभीर रूप से घायल, CCTV में वारदात कैद
दिनदहाड़े कानून को चुनौती दे रहे बदमाश, सिटी कोतवाली क्षेत्र में शराब के पैसे मांगने से इनकार पर बदमाशों ने देर रात ढाबे में की तोड़फोड़, कर्मचारी से मारपीट और लूट भी की
सतना। शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में बदमाशों के हौसले इस कदर बुलंद नजर आ रहे हैं कि अब खुलेआम व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में घुसकर मारपीट, लूट और तोड़फोड़ की घटनाएं सामने आने लगी हैं। रविवार रात आशीर्वाद ढाबे में दर्जनभर से अधिक युवकों ने हथियारों से लैस होकर जमकर उत्पात मचाया। बदमाशों ने ढाबे में कुर्सी-टेबल तोड़ दिए और कर्मचारी के साथ बेरहमी से मारपीट कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें युवकों की दबंगई साफ दिखाई दे रही है।

बताया जा रहा है कि आशीर्वाद ढाबे के संचालक विकल्प सिंह हैं, जो वर्तमान में लोहरौरा ग्राम पंचायत के प्रधान भी हैं। ढाबे में हुई इस घटना ने शहर में कुछ समय पहले एयरफोर्स अधिकारी के घर हुई वारदात की यादें ताजा कर दी हैं, जहां बदमाशों ने बेखौफ होकर वारदात को अंजाम दिया था।
शराब के पैसे मांगने से इनकार पर बदमाशों का आतंक
फरियादी पुष्पराज दहिया ने पुलिस को बताया कि 28 जून की रात करीब 9 बजे यश सिंह, कार्तिक सिंह और अरविंद सिंह उर्फ छोटू ढाबे पर पहुंचे। आरोप है कि तीनों ने गाली-गलौज करते हुए शराब पीने के लिए पांच हजार रुपये की मांग की। रुपये देने से मना करने पर उनके अन्य साथी रिशु सिंह, आदित्य सिंह सहित करीब दर्जनभर युवकों ने हमला कर दिया।

फरियादी के अनुसार बदमाशों ने मुक्के, लाठी और डंडों से हमला किया, जिससे उसके हाथ और पैर में गंभीर चोटें आईं और फ्रैक्चर हो गया। हमलावरों ने ढाबे में रखे सामान को भी नुकसान पहुंचाया। आरोप है कि जाते-जाते बदमाश ढाबे में रखा टेक्नो कंपनी का मोबाइल और पांच हजार रुपये नकद भी ले गए।

फिलहाल, शिकायत के आधार पर सिटी कोतवाली पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 296(ए), 115(2), 119(1), 351(2) और 3(5) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।
Varsha Shrivastava 
