रीवा: खरीदी केंद्रों की बदहाली पर भड़के किसान, सेमरिया में किया चक्का जाम
रीवा के सेमरिया क्षेत्र में खरीदी केंद्र शुरू न होने से नाराज किसानों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। प्रशासन के आश्वासन के बाद जाम हटाया गया।
रीवा जिले के सेमरिया में खरीदी केंद्र बंद होने से किसानों का सब्र जवाब दे गया। गुरुवार को गुस्साए किसानों ने सड़कों पर उतरकर चक्काजाम कर दिया। किसानों ने रीवा–सेमरिया (बनकुइया) मार्ग और दड़िया–बड़ा सड़क पर ट्रैक्टर खड़े कर दिए और बीच सड़क पर टेंट लगाकर धरने पर बैठ गए।
इस वजह से दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई और करीब एक घंटे तक यातायात पूरी तरह ठप रहा। प्रदर्शन के दौरान किसानों ने प्रशासन के खिलाफ जमकर नारे लगाए।

किसानों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद भी कल्पना वेयरहाउस और तिघरा खरीदी केंद्र अब तक शुरू नहीं किए गए हैं। धान लेकर पहुंचे किसान कई दिनों से इंतजार कर रहे हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही थी। मजबूरी में उन्हें सड़क जाम करना पड़ा।
किसानों ने बताया कि सिर्फ सेमरिया ही नहीं, बल्कि जिले के कई खरीदी केंद्रों में हालात खराब हैं। कहीं केंद्र समय पर नहीं खुल रहे हैं तो कहीं बारदाना, तौल मशीन और कर्मचारियों की कमी से खरीदी में दिक्कत आ रही है।

कई जगह किसानों को रात भर ट्रैक्टर-ट्रॉली में बैठकर इंतजार करना पड़ रहा है। ठंड के कारण किसानों को परेशानी हो रही है और धान खराब होने का भी डर बना हुआ है।
जाम की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे और किसानों से बातचीत की। ADM रीवा ने किसानों को भरोसा दिलाया कि सोमवार से कल्पना वेयरहाउस और तिघरा खरीदी केंद्र नियमित रूप से शुरू कर दिए जाएंगे। साथ ही जिले के बाकी खरीदी केंद्रों की समस्याएं भी जल्द दूर की जाएंगी।

प्रशासन के आश्वासन के बाद किसानों ने जाम हटाया और यातायात फिर से शुरू हो सका। हालांकि किसानों ने साफ कहा कि अगर तय समय पर खरीदी केंद्र नहीं खुले और समस्याओं का हल नहीं हुआ तो वे दोबारा और बड़ा आंदोलन करेंगे।
Saba Rasool 
