दतिया उपचुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज, डॉ. नरोत्तम मिश्रा और हेमंत खंडेलवाल ने की बंद कमरे में चर्चा

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हमेंत खंडेलवाल ने डॉ. नरोत्तम मिश्रा के निवास पर पहुंचकर उनसे करीब आधे घंटे तक बंद कमरे में चर्चा की।

दतिया उपचुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज, डॉ. नरोत्तम मिश्रा और हेमंत खंडेलवाल ने की बंद कमरे में चर्चा

दतिया उपचुनाव को लेकर मध्य प्रदेश में सियासी हलचल तेज हो गई है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा के निवास पर पहुंचकर उनसे करीब आधे घंटे तक बंद कमरे में चर्चा की।

दरअसल, दतिया के पूर्व विधायक राजेंद्र भारती की सजा के खिलाफ दायर अपील पर दिल्ली हाई कोर्ट में सुनवाई के बाद अगली तारीख 15 अप्रैल की तय हुई है। न्यायाधीश डॉ. स्वर्ण कांता शर्मा ने दोनों पक्षों के तर्क सुनने के बाद यह आदेश दिया।

बता दें कि बैंक फ्रॉड मामले में राजेंद्र भारती को गत 2 अप्रैल को दिल्ली की एमपी/एमएलए कोर्ट ने तीन साल की सजा सुनाई थी। सजा के बाद उनकी विधायकी खत्म हो गई, जिससे दतिया विधानसभा सीट अब खाली हो गई है।

सुनवाई टलने के साथ ही मध्यप्रदेश की राजनीति में, खासकर राजधानी में सियासी हलचल तेज हो गई है। इसी बीच हुई भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा की मुलाकात को दतिया उपचुनाव की संभावित रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है।

सूत्रों के मुताबिक प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और पूर्व मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने प्रदेश की वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों, संगठनात्मक गतिविधियों और समसामयिक मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की है।

दतिया विधानसभा सीट लंबे समय से डॉ. नरोत्तम मिश्रा का मजबूत गढ़ रही है, जहां से वे तीन बार विधायक रह चुके हैं। हालांकि पिछले चुनाव में उन्हें कांग्रेस के राजेंद्र भारती से हार का सामना करना पड़ा था।

फिलहाल, ये सीट खाली होने के कारण उपचुनाव की स्थिति बन रही है और ऐसे में डॉ. नरोत्तम मिश्रा के फिर से मैदान में उतरने की संभावना प्रबल मानी जा रही है। अब 15 अप्रैल की सुनवाई और उसके बाद के घटनाक्रम पर सबकी नजरें टिकी हैं, जो दतिया उपचुनाव की दिशा तय करने में अहम साबित हो सकते हैं।