शिवराज सिंह चौहान ने की CM की जमकर तारीफ, कहा- डॉ. मोहन यादव मुझसे भी ज्यादा ऊर्जावान

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के कार्यों की खुलकर सराहना की है।

शिवराज सिंह चौहान ने की CM की जमकर तारीफ, कहा- डॉ. मोहन यादव मुझसे भी ज्यादा ऊर्जावान

भोपाल: केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के कार्यों की खुलकर सराहना की है। भोपाल में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, मुख्यमंत्री मोहन यादव बेहद तेज़ गति और ऊर्जा के साथ प्रदेश की सेवा में जुटे हुए हैं। उन्होंने कहा कि डॉ. मोहन यादव उनसे भी कहीं अधिक ऊर्जा के साथ प्रदेश के विकास को आगे बढ़ा रहे हैं। शिवराज ने बड़े दिल से कहा कि उनकी कामना है कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इसी तेज गति और समर्पण के साथ कार्य करते रहें, ताकि मध्य प्रदेश विकास के नए कीर्तिमान स्थापित कर सके।

मेरा काम जनता की सेवा करना है

सुरक्षा में हुई देरी को लेकर पूछे गए सवाल पर केंद्रीय मंत्री ने सादगी भरा जवाब दिया। उन्होंने कहा कि उनका ध्यान स्वयं पर नहीं बल्कि केवल जनता की सेवा पर रहता है। शिवराज सिंह चौहान ने स्पष्ट शब्दों में कहा, “मेरा एक ही काम है- जनता की सेवा करना। जो काम मेरा नहीं है, उसकी चिंता क्यों करूं?” नई सरकार द्वारा पुरानी उपलब्धियों का उल्लेख न किए जाने के सवाल पर उन्होंने हल्के अंदाज में कहा कि नई सरकारें आमतौर पर अपनी उपलब्धियां ही बताती हैं, पुरानी बातें क्यों करेंगी।

भ्रष्टाचार का अड्डा बन गई थी मनरेगा

प्रेसवार्ता में केंद्रीय कृषि मंत्री ने मनरेगा योजना को लेकर भी बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि बीते वर्षों में मनरेगा भ्रष्टाचार का अड्डा बन गई थी, जहां मजदूरों के हक पर डाका डालकर ठेकेदारों द्वारा काम कराया जा रहा था और कागजों पर बजट का खेल चल रहा था। उन्होंने बताया कि सरकार ने एक साल के गहन मंथन के बाद अब ‘विकसित भारत जी राम जी’ एक्ट लागू किया है। इस नई योजना के तहत मजदूरों को मिलने वाले रोजगार के दिनों को 100 से बढ़ाकर 125 कर दिया गया है। इसके लिए 95 हजार करोड़ रुपये का बजट तय किया गया है। नई व्यवस्था में ग्राम पंचायतें स्वयं योजनाओं की रिपोर्ट तैयार करेंगी और गांवों में बुनियादी ढांचे के विकास, जल संरक्षण और आपदा प्रबंधन जैसे कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी।

आपको बता दें कि इसके पहले ग्वालियर में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह भी मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की तारीफ कर चुके हैं। गृहमंत्री शाह के बाद अब केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी मुख्यमंत्री मोहन यादव की तारीफ की है.