मासूम की जान बचाने रीवा एयरपोर्ट से उड़ी एयर एंबुलेंस
रीवा के एक महीने के बच्चे के दिल में छेद होने पर उसे कुशाभाऊ ठाकरे जिला अस्पताल से एयर एंबुलेंस द्वारा मुंबई के SRCC अस्पताल रेफर किया गया।
रीवा में एक महीने के मासूम की जान बचाने के लिए रविवार को एयर एंबुलेंस उड़ाई गई। मासूम के दिल में पैदाइश से ही छेद था और उसकी हालत लगातार बिगड़ रही थी। बच्चे के माता–पिता, शशि भूषण तिवारी और प्रियंका पाठक, रायपुर ब्लॉक के रहने वाले हैं।

जन्म के कुछ दिनों बाद ही बच्चे की तबीयत खराब होने लगी। पहले उसे निमोनिया समझकर इलाज किया गया, लेकिन हालत में सुधार न होने पर डॉक्टरों ने जांच की और पता चला कि बच्चे के दिल में छेद है।

परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने की वजह से वो उसे कुशाभाऊ ठाकरे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां सिविल सर्जन डॉ. प्रतिभा मिश्रा और RBSK टीम ने तुरंत कार्रवाई शुरू की। टीम ने मुंबई के SRCC चिल्ड्रन हॉस्पिटल की डॉक्टर प्रिया प्रधान से संपर्क किया, जिन्होंने बच्चे को तुरंत भर्ती करने की सहमति दी।

डिप्टी CM और स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ला के निर्देश पर रीवा प्रशासन, मेडिकल कॉलेज और CMHO ने मिलकर बच्चे के लिए एयरलिफ्ट करने की व्यवस्था की। रविवार सुबह 9 बजे रीवा एयरपोर्ट से एयर एंबुलेंस ने उड़ान भरी और बच्चे को मुंबई पहुंचाकर उपचार शुरू किया गया।

SGMH के अधीक्षक डॉ. राहुल मिश्रा ने बताया कि बच्चा बेहद गंभीर हालत में था—सांस लेने में दिक्कत, ऑक्सीजन लेवल कम और शरीर नीला पड़ चुका था। आयुष्मान भारत योजना के तहत उसकी सर्जरी मुफ्त में कराई जाएगी। डॉक्टरों को उम्मीद है कि सर्जरी के बाद बच्चा पूरी तरह ठीक हो जाएगा।

