चेन्नई में हो सकता है BBL 16 का पहला मैच, क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने BCCI से शुरू की बातचीत
BBL 16 के शुरुआती मुकाबले दिसंबर 2026 के दूसरे हफ्ते में चेन्नई के MA चिदंबरम स्टेडियम यानी चेपॉक में खेले जा सकते हैं
ऑस्ट्रेलिया की मशहूर टी20 लीग बिग बैश लीग (BBL) अब भारत में भी अपना रंग जमाती नजर आ सकती है. खबर है कि BBL के 16वें सीजन (2026-27) का ओपनिंग मैच चेन्नई में कराया जा सकता है. इसके लिए क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (CA) ने BCCI और तमिलनाडु क्रिकेट एसोसिएशन (TNCA) के साथ बातचीत शुरू कर दी है.
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक BBL 16 के शुरुआती मुकाबले दिसंबर 2026 के दूसरे हफ्ते में चेन्नई के MA चिदंबरम स्टेडियम यानी चेपॉक में खेले जा सकते हैं. क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के पांच अधिकारियों की टीम इस समय चेन्नई में मौजूद है और उन्होंने 18 मई को चेन्नई सुपर किंग्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच IPL मुकाबला भी देखा. टीम स्टेडियम की सुविधाओं और व्यवस्थाओं का जायजा ले रही है.

भारत- ऑस्ट्रेलिया रिश्तों को मजबूत करने की कोशिश
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया का मानना है कि भारत में BBL मैच कराने से दोनों देशों के क्रिकेट संबंध और मजबूत होंगे. CA के एक प्रतिनिधि ने कहा कि फिलहाल कोई आधिकारिक फैसला नहीं हुआ है, लेकिन, चेन्नई को संभावित वेन्यू के तौर पर देखा जा रहा है.
उन्होंने कहा,
“हम अभी कुछ कंफर्म नहीं कर सकते, लेकिन भारत-ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट रिश्तों को आगे बढ़ाने के लिए चेन्नई की संभावनाओं पर काम कर रहे हैं। BCCI के साथ हमारी बातचीत जारी है।”
बताया जा रहा है कि BCCI अध्यक्ष मिथुन मन्हास ने भी चेन्नई में CA अधिकारियों से मुलाकात की है. TNCA ने प्रस्ताव मिलने की पुष्टि की है, हालांकि अंतिम फैसला BCCI को लेना है.
BBL में जल्द आ सकता है बड़ा बदलाव
BBL ऑस्ट्रेलिया की सबसे लोकप्रिय टी20 लीग है और अब इसमें प्राइवेट इन्वेस्टमेंट की एंट्री की तैयारी भी चल रही है. रिपोर्ट्स के मुताबिक IPL फ्रेंचाइज़ी मालिक और भारतीय निवेशक इसमें बड़ी हिस्सेदारी ले सकते हैं.
फरवरी 2026 में ऐसी खबरें भी आई थीं कि सिडनी थंडर और मेलबर्न रेनेगेड्स जैसी टीमों को पूरी तरह प्राइवेट निवेशकों को बेचा जा सकता है.

भारत में BBL मैच क्यों खास?
ऑस्ट्रेलिया की NRL लीग पहले ही अपने सीजन की शुरुआत अमेरिका के लास वेगास में मैच खेलकर कर चुकी है. अब BBL भी इंटरनेशनल विस्तार की दिशा में कदम बढ़ा रही है. अगर चेन्नई में BBL का ओपनर होता है, तो यह पहली बार होगा जब लीग का मुकाबला ऑस्ट्रेलिया के बाहर खेला जाएगा.
अश्विन बनने वाले थे BBL खेलने वाले पहले भारतीय
पिछले सीजन में रविचंद्रन अश्विन BBL खेलने वाले पहले भारतीय क्रिकेटर बनने वाले थे. उन्होंने सिडनी थंडर के साथ करार भी किया था, लेकिन घुटने की चोट के कारण वह टूर्नामेंट में हिस्सा नहीं ले सके. हालांकि BCCI फिलहाल भारतीय पुरुष खिलाड़ियों को विदेशी टी20 लीग में खेलने की अनुमति नहीं देता है. अब अगर BBL का आगाज चेन्नई से होता है, तो यह क्रिकेट फैंस के लिए बड़ा सरप्राइज और भारतीय क्रिकेट बाजार की ताकत का एक और संकेत माना जाएगा।
shivendra 
