मऊगंज में मजदूरों का प्रदर्शन, 53 सूत्रीय मांगों को लेकर सरकार को दिया ज्ञापन
मऊगंज में भारतीय मजदूर संघ ने 53 सूत्रीय मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। मजदूरों, कर्मचारियों और पेंशनरों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर ज्ञापन सौंपा और मांगें नहीं माने जाने पर प्रदेशव्यापी आंदोलन की चेतावनी दी।
मऊगंज। श्रमिकों, कर्मचारियों और पेंशनरों की 53 सूत्रीय मांगों को लेकर भारतीय मजदूर संघ के बैनर तले मध्यप्रदेश राज्य कर्मचारी संघ मऊगंज ने प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में मजदूर, कर्मचारी और पेंशनर कलेक्ट्रेट पहुंचे और मुख्यमंत्री एवं प्रधानमंत्री के नाम अपर कलेक्टर पीके पांडेय को ज्ञापन सौंपा।संघ ने न्यूनतम वेतन 30 हजार रुपये प्रतिमाह करने, ईएसआईसी की वेतन सीमा 21 हजार से बढ़ाकर 42 हजार रुपये करने और ईपीएफ पेंशन 7500 रुपये प्रतिमाह के साथ महंगाई भत्ता देने की मांग की। इसके अलावा सभी को चिकित्सा योजना से जोड़ने और ईपीएफ अंशदान की सीमा बढ़ाने की मांग भी रखी गई।
आंगनवाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय में वृद्धि की मांग
ज्ञापन में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका, आशा और मिड डे मील कर्मियों के मानदेय में सम्मानजनक वृद्धि की मांग की गई। संघ ने सरकारी और निजी प्रतिष्ठानों में कॉन्ट्रैक्ट एवं कैजुअल श्रमिकों के लिए समान कार्य समान वेतन लागू करने की मांग भी उठाई।

मांगें नहीं मानी तो प्रदेशव्यापी आंदोलन की चेतावनी
भारतीय मजदूर संघ के जिला अध्यक्ष श्यामा चरण शुक्ल ने कहा कि यदि सरकार ने जल्द मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया तो संगठन पूरे प्रदेश में चरणबद्ध आंदोलन करेगा। प्रदर्शन के दौरान संघ के कई पदाधिकारी, कर्मचारी, मजदूर और पेंशनर मौजूद रहे।
Anubhav Dubey 
