एशियन गेम्स के लिए घोड़ा खरीदने के नाम पर 1.62 करोड़ की ठगी

ईमेल स्पूफिंग से 1.62 करोड़ की साइबर ठगी नाकाम, इंदौर साइबर की तत्परता से बची पूरी राशि, पुलिस ने पूरी रकम कराई वापस

एशियन गेम्स के लिए घोड़ा खरीदने के नाम पर 1.62 करोड़ की ठगी

इंदौर साइबर पुलिस ने एक बार फिर अपनी तत्परता का परिचय देते हुए  एशियन गेम्स में भाग लेने के लिए खरीदे जा रहे एक घोड़े के नाम पर 1 करोड़ 62 लाख रुपये की बड़ी साइबर ठगी को नाकाम कर दिया है। ईमेल स्पूफिंग के जरिए ठगों ने एक अंतरराष्ट्रीय घुड़सवार को निशाना बनाकर विदेशी कंपनी के नाम से फर्जी बैंक खाते में रकम ट्रांसफर करा ली थी। लेकिन समय रहते शिकायत मिलने पर साइबर पुलिस ने पूरी राशि वापस दिला दी।

एशियन गेम्स के लिए घोड़ा खरीदने के नाम पर ठगी

मामला इंदौर की एक अंतरराष्ट्रीय घुड़सवार सुदीप्ति हजेला से जुड़ा है, जो एशियन गेम्स 2026 की तैयारी के लिए विदेशी कंपनी से घोड़ा खरीद रही थीं। इसी दौरान ठगों ने कंपनी के नाम से फर्जी ईमेल भेजकर बैंक खाता बदलने की जानकारी दी। ईमेल पर भरोसा करते हुए पीड़िता ने 1 करोड़ 62 लाख रुपये जेपी मॉर्गन बैंक के खाते में ट्रांसफर कर दिए, धोखाधड़ी का पता चलते ही राज्य साइबर सेल जोन इंदौर को शिकायत दी गई।

1 करोड़ 62 लाख रुपये की बड़ी साइबर ठगी नाकाम 

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में साइबर टीम ने तत्काल तकनीकी जांच शुरू की और संबंधित बैंक खाते पर होल्ड लगवाकर रकम की निकासी रुकवा दी। इसके बाद बैंक से लगातार समन्वय और कानूनी प्रक्रिया के जरिए पूरी 1 करोड़ 62 लाख रुपये की राशि शिकायतकर्ता के एचडीएफसी बैंक खाते में सुरक्षित रिफंड करा दी गई।

भारती विश्वकर्मा, सब इंस्पेक्टर, राज्य सायबर सेल इंदौर ने लोगों से अपील की है कि बैंक खाता बदलने संबंधी किसी भी ईमेल पर भरोसा करने से पहले संबंधित कंपनी से आधिकारिक माध्यम से पुष्टि जरूर करें। किसी भी साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में तुरंत 1930 हेल्पलाइन या राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं। गौरतलब है कि सुदीप्ति घुड़सवारी के अलावा पोलो की अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी हैं जिन्हें पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने बाल पुरस्कार से भी सम्मानित किया था।