कल रीवा आएंगे अमित शाह, अटल पार्क का प्रोग्राम रद्द, बसामन मामा गौ-अभ्यारण्य जाएंगे
25 दिसंबर को अमित शाह के रीवा दौरे में बदलाव किया गया है। अटल पार्क का कार्यक्रम रद्द कर दिया गया है और अब वे बसामन मामा गोवंश ग्राम में किसान सम्मेलन में शामिल होंगे।
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के 25 दिसंबर को होने वाले रीवा दौरे में बदलाव किया गया है। शहर के अटल पार्क में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा के अनावरण का प्रोग्राम अब नहीं होगा। कुछ वजहों से यह प्रोग्राम रद्द कर दिया गया है। अब अमित शाह का पूरा समय बसामन मामा गोवंश ग्राम और वहां आयोजित किसान सम्मेलन में ही लगेगा।
इस बदलाव को देखते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने रीवा के IG, कलेक्टर और दूसरे अधिकारियों को निर्देश दिए कि नए कार्यक्रम के मुताबिक सुरक्षा और व्यवस्थाएं पूरी तरह दुरुस्त रखी जाएं।
गौशाला और खेती के मॉडल देखेंगे गृहमंत्री
नए कार्यक्रम के अनुसार अमित शाह सीधे बसामन मामा गोवंश ग्राम पहुंचेंगे। वहां वो नेचुरल फार्मिंग के मॉडल और गौशालाओं में किए जा रहे काम को देखेंगे। इसके बाद वे वहीं आयोजित किसान सम्मेलन में किसानों को संबोधित करेंगे। इस दौरान वे जैविक खेती, गोपालन और किसानों की आय बढ़ाने के उपायों पर बात करेंगे।
अधिकारियों ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा
गृह मंत्री के दौरे से पहले पिछले कुछ दिनों से अधिकारी लगातार निरीक्षण कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने बैठक में साफ कहा कि अब शहरी कार्यक्रम नहीं है, इसलिए बसामन मामा गोवंश ग्राम में होने वाले कार्यक्रम में किसी भी तरह की कमी नहीं होनी चाहिए।
Saba Rasool 
