सतना में अकाउंटेंट रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

सतना के रामपुर बघेलान स्थित सज्जनपुर विद्यालय में लोकायुक्त टीम ने अकाउंटेंट महेंद्र पांडेय को 1200 रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा। शिक्षक की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच जारी है।

सतना में अकाउंटेंट रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार
google

सतना। लोकायुक्त संगठन रीवा की टीम ने शिक्षा विभाग में पदस्थ अकाउंटेंट को रिश्वत लेते ट्रैप किया है। अकाउंटेंट ने रिश्वत की यह रकम एक शिक्षक से क्रमोन्नति संबंधी कार्य के एवज में मांगी थी। यह कार्रवाई आज दोपहर सतना के रामपुर बघेलान स्थित सज्जनपुर विद्यालय में की गई है।

फिलहाल आरोपी अकाउंटेंट महेंद्र पांडेय के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है और आगे की कार्रवाई जारी है। कार्रवाई के संबंध में अकाउंटेंट कार्यालय से मिली जानकारी के मुताबिक मंगलवार की दोपहर सतना जिले के रामपुर बघेलान क्षेत्र के सज्जनपुर में पदस्थ माध्यमिक शिक्षक सह प्रभारी लेखापाल महेंद्र पांडेय को 1200 रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा गया है।

आरोपी के खिलाफ ग्राम बरहा प्राथमिक विद्यालय में पदस्थ शिक्षक मनोज प्रताप सिंह ने लोकायुक्त कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी कि क्रमोन्नति संबंधी कार्य के लिए लेखापाल महेंद्र पांडेय द्वारा पैसों की मांग की जा रही है।

फरियादी शिक्षक की शिकायत के बाद उसका सत्यापन कराया गया, जो सही पाए जाने पर आज ट्रैप कार्रवाई को सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया गया।

फरियादी शिक्षक ने जैसे ही सज्जनपुर विद्यालय में पहुंचकर आरोपी लेखापाल महेंद्र पांडेय को रिश्वत की रकम दी, तभी वहां पहले से मौजूद लोकायुक्त टीम ने उसे रंगे हाथों पकड़ लिया।

फिलहाल मामले में लेखापाल के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है, जो अभी जारी है।