रीवा का हाल बेहाल, नगर निगम की बेपरवाही से सप्लाई में आने लगा नाले का पानी

रीवा शहर के कई इलाकों में नलों से मटमैला, झागदार और बदबूदार पानी आने लगा है। नगर निगम को शिकायतें करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ।

रीवा का हाल बेहाल, नगर निगम की बेपरवाही से सप्लाई में आने लगा नाले का पानी
पब्लिकवाणी

गर्मी शुरू होते ही रीवा शहर के कई मोहल्लों में नलों से मटमैला और बदबूदार पानी आने लगा है। अब स्थानीय लोग गन्दा पानी पीने के लिए मजबूर हैं, वो इसके खिलाफ नगर निगम प्रशासन से शिकायत कर चुके हैं, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

रीवा शहर के वार्ड 18, 40, 9 और 8 समेत कई इलाकों में नलों से गंदा, झागदार और बदबूदार पानी घरों में पहुंच रहा है। वार्ड 18 के आकृति टॉकीज मार्ग के रहने वाले स्थानियों ने बताया कि कई दिनों से मोहल्ले में गंदा पानी आ रहा है।  

उन्होंने बताया की कई बार नगर निगम अधिकारियों को इसकी जानकारी दे चुके हैं, लेकिन समस्या का कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया। पार्षदों ने भी वार्डवासियों से मिली शिकायतों के आधार पर प्रशासन को सूचित किया, लेकिन इसके बाद भी पानी की गुणवत्ता में सुधार नहीं हुआ।  

लोगों की परेशानी

वार्ड 40 के रहवासी पंकज कुशवाहा ने कहा कि नलों से झागदार और दुर्गंधयुक्त पानी आ रहा है, कभी मटमैला तो कभी हरे रंग का बदबूदार पानी। लोग पीने लायक पानी के लिए लगातार परेशान हैं।

क्या कहते हैं अधिकारी?

नगर निगम के अधिकारियों का कहना है कि शिकायतों का समाधान करने के लिए स्टाफ कार्रवाई कर रहा है और शहर में क्वालिटी वाला पानी ही सप्लाई किया जा रहा है। वहीं, कुछ अधिकारी ये भी कहते हैं कि नल कनेक्शन क्षतिग्रस्त होने पर भी गंदा पानी आ सकता है। 

समस्या की वजह

शहर में डेवलपमेंट के काम, सड़क, नाली और सीवर लाइन की मरम्मत के दौरान पुराने पानी की पाइपलाइनें टूट रहीं हैं। कई बार निर्माण एजेंसियां टूटी पाइपलाइन की जानकारी नगर निगम को नहीं देतीं, बल्कि अस्थायी ट्यूब या कपड़े से बांधकर छोड़ देती हैं। इससे नालियों का गंदा पानी पाइपलाइन में घुसकर पूरे इलाके के पानी को प्रभावित करता है।