छतरपुर। सर्द मौसम के साथ बढ़ता घना कोहरा अब सड़कों पर हादसों की बड़ी वजह बनता जा रहा है। शुक्रवार सुबह छतरपुर जिले में बक्सवाहा थाना क्षेत्र के लालघाटी इलाके में बड़ा सड़क हादसा हो गया। टीकमगढ़ से जबलपुर जा रही महाकाल ओरछा ट्रांसपोर्ट की यात्री बस घने कोहरे के कारण अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई। इस हादसे में बस में सवार 11 यात्री घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। राहत की बात यह रही कि इस दुर्घटना में किसी की जान नहीं गई।
घना कोहरा, विजिबिलिटी बेहद कम
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह जब बस अपने निर्धारित मार्ग से गुजर रही थी, उस समय क्षेत्र में कोहरा बेहद घना था। विजिबिलिटी इतनी कम थी कि कुछ मीटर आगे तक भी साफ दिखाई नहीं दे रहा था। लालघाटी क्षेत्र के पास सड़क किनारे एक ट्रक पहले से खराब हालत में खड़ा हुआ था। कोहरे के कारण बस चालक को यह ट्रक समय रहते नजर नहीं आया। इसी दौरान सामने से एक अन्य ट्रक अचानक आ गया। दो-दो ट्रकों के बीच बस को फंसा देखकर चालक ने टक्कर से बचने के लिए अचानक ब्रेक लगाए, लेकिन घने कोहरे और तेज रफ्तार के कारण बस का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क से उतरकर सीधे एक पेड़ से जा टकराई।
हादसा इतना जोरदार था कि सड़क किनारे खड़ा खराब ट्रक भी अपनी जगह से खिसककर बीच सड़क पर आ गया। इससे नेशनल हाईवे पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। कुछ ही देर में हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। दुर्घटना के बाद सामने से आ रहा ट्रक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश पुलिस द्वारा की जा रही है।

घायलों की हालत फिलहाल स्थिर
घटना की सूचना मिलते ही बक्सवाहा थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। एसआई कादिर खान के साथ आरक्षक आशीष, मोनू और नसीम खान ने मोर्चा संभाला। पुलिस ने सबसे पहले बस में फंसे और घायल यात्रियों को बाहर निकालने का काम शुरू किया। सभी घायलों को एंबुलेंस और निजी वाहनों की मदद से बक्सवाहा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है। डॉक्टरों के अनुसार सभी घायलों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
हादसे की गंभीरता को देखते हुए नायब तहसीलदार सुनील केवट भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। हाईवे पर यातायात बहाल करने के लिए पहले जेसीबी मशीन बुलाने का प्रयास किया गया, लेकिन मशीन के पहुंचने में देरी होती देख पुलिस ने स्थानीय लोगों से सहयोग की अपील की। पुलिस की अपील पर आसपास मौजूद लोगों ने एकजुट होकर सड़क के बीच आ चुके खराब ट्रक को धक्का लगाकर किनारे किया। इसके बाद धीरे-धीरे नेशनल हाईवे पर यातायात सुचारु किया जा सका।

हादसे में घायल यात्रियों के नाम
इस हादसे में घायल यात्रियों में मोहन लाल विश्वकर्मा (42) निवासी टीकमगढ़, इदरीश खान (40) निवासी शाहगढ़, संतोषी पटवा (24) निवासी शाहगढ़, चतुर्भुज सिंह (42) निवासी शाहगढ़, बाबू आदिवासी (25) निवासी गढ़ोही, कमला रजक (52) निवासी जैतुपुरा, विनिता साहू (28) निवासी झडोला, रिकेश साहू (30) निवासी झडोला, कमलेश साहू (30) निवासी शाहगढ़, जितेंद्र यादव (28) निवासी गढ़ोही और गजाला परवेज (38) निवासी शाहगढ़ शामिल हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सर्दियों के मौसम में लालघाटी क्षेत्र में अक्सर घना कोहरा छा जाता है, जिससे आए दिन दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। इसके बावजूद सड़क किनारे खराब वाहनों को समय पर नहीं हटाया जाना और चेतावनी संकेतों की कमी भी हादसों को बढ़ावा दे रही है। पुलिस और प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि कोहरे के दौरान धीमी गति से वाहन चलाएं और पर्याप्त सावधानी बरतें।
फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार ट्रक चालक की तलाश की जा रही है। यह हादसा एक बार फिर इस बात की चेतावनी है कि घने कोहरे में जरा सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।