वैभव स्टार्क की भी ले रहे क्लास, BCCI को अब माननी ही पड़ेगी रवि शास्त्री की बात
स्टार्क RR की पारी का तीसरा ओवर डालने आए. उनके सामने वैभव सूर्यवंशी थे. स्टार्क की पहली गेंद वाइड रही. लेकिन, जब उन्होंने अगली लीगल डिलीवरी डाली, तो उस पर वैभव ने थर्डमैन एरिया में चौका जड़ दिया. इस तरह सूर्यवंशी ने मिचेल स्टार्क के खिलाफ भी IPL 2026 में स्कोरिंग शॉट से शुरुआत की. इसी ओवर में उन्होंने एक छक्का भी लगाया.
IPL 2026 में युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Sooryavansh) का बल्ला लगातार आग उगल रहा है. दिल्ली कैपिटल्स और राजस्थान रॉयल्स के मुकाबले में भी उन्होंने अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से फैंस को रोमांचित कर दिया. खास बात यह रही कि इस बार उनके सामने दुनिया के सबसे खतरनाक तेज गेंदबाजों में शामिल मिचेल स्टार्क ( Mitchell Starc) थे, लेकिन वैभव ने उन्हें भी नहीं छोड़ा.

स्टार्क की पहली लीगल गेंद पर जड़ा चौका
राजस्थान रॉयल्स की पारी में मिचेल स्टार्क तीसरा ओवर लेकर आए. उनके सामने युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी थे. स्टार्क की पहली गेंद वाइड रही, लेकिन अगली लीगल डिलीवरी पर वैभव ने थर्डमैन एरिया में शानदार चौका जड़ दिया. इसके बाद उसी ओवर में उन्होंने एक दमदार छक्का भी लगाया.

इस मुकाबले में वैभव ने सिर्फ 21 गेंदों पर 46 रन बनाए. अपनी पारी में उन्होंने 5 चौके और 3 छक्के लगाए. उनकी तेजतर्रार बल्लेबाजी ने एक बार फिर साबित कर दिया कि वह बड़े गेंदबाजों के खिलाफ भी बिना दबाव खेले सकते हैं.

बड़े गेंदबाजों के खिलाफ बेखौफ बल्लेबाजी
IPL 2026 में वैभव सूर्यवंशी कई नामी गेंदबाजों की पहली गेंद पर बड़ा शॉट लगा चुके हैं। उन्होंने जसप्रीत बुमराह, पैट कमिंस, लुंगी एनगिडी, शार्दुल ठाकुर और वॉशिंग्टन सुंदर जैसे गेंदबाजों की पहली गेंद पर छक्का लगाया है। वहीं मिचेल स्टार्क, भुवनेश्वर कुमार, अर्शदीप सिंह और जोश हेजलवुड जैसे गेंदबाजों के खिलाफ चौका जड़ चुके हैं।
IPL 2026 में 500 रन के करीब
दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ खेली गई 46 रन की पारी के साथ वैभव सूर्यवंशी इस सीजन 500 रन के करीब पहुंच गए हैं. उन्होंने अब तक 12 पारियों में 486 रन बनाए हैं. इस दौरान उनके बल्ले से एक शतक और दो अर्धशतक निकले हैं.

साथ ही वैभव आईपीएल के एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले भारतीय बल्लेबाज भी बन गए हैं. उन्होंने अब तक 43 छक्के लगाए हैं और इस मामले में अभिषेक शर्मा का रिकॉर्ड तोड़ दिया है, जिन्होंने IPL 2024 में 42 छक्के लगाए थे.
रवि शास्त्री ने टीम इंडिया में शामिल करने की उठाई मांग
वैभव सूर्यवंशी की निडर बल्लेबाजी से टीम इंडिया के पूर्व हेड कोच रवि शास्त्री भी बेहद प्रभावित हैं. उन्होंने कहा कि वैभव को जल्द से जल्द भारतीय टी20 टीम में मौका दिया जाना चाहिए. रवि शास्त्री का मानना है कि जून में होने वाला आयरलैंड दौरा वैभव सूर्यवंशी के इंटरनेशनल डेब्यू के लिए आदर्श मंच हो सकता है. उन्होंने कहा कि मौजूदा फॉर्म को देखते हुए वैभव दुनिया की किसी भी टी20 टीम में जगह बना सकते हैं.
माइकल वॉन ने भी की जमकर तारीफ
इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वॉन भी वैभव सूर्यवंशी की बल्लेबाजी के मुरीद हो गए हैं. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि, “मुझे लगता है कि वैभव सूर्यवंशी दुनिया के सबसे बेहतरीन स्ट्राइकर हैं. मैंने उनकी तरह बल्लेबाजी करते किसी को नहीं देखा. वह सिर्फ 15 साल के हैं.

दूसरे IPL सीजन में मचा रहे धमाल
वैभव सूर्यवंशी का यह सिर्फ दूसरा आईपीएल सीजन है। उन्होंने पिछले सीजन गुजरात टाइटंस के खिलाफ 35 गेंदों में शतक लगाकर सभी को चौंका दिया था. इसके बाद से उनका आत्मविश्वास लगातार बढ़ता गया और IPL 2026 में वह राजस्थान रॉयल्स के सबसे बड़े मैच विनर बनकर उभरे हैं.
shivendra 
