यौन शोषण के आरोपों पर पहली बार बोले यश दयाल, कहा- ‘डिप्रेशन में था’, RCB के फैसले पर भी तोड़ी चुप्पी

भारतीय क्रिकेटर यश दयाल ने यौन शोषण के आरोपों के बीच बीते एक साल को डिप्रेसिंग बताया. RCB के IPL 2026 में बाहर रखने के फैसले पर भी खुलकर बात की.

यौन शोषण के आरोपों पर पहली बार बोले यश दयाल, कहा- ‘डिप्रेशन में था’, RCB के फैसले पर भी तोड़ी चुप्पी

भारतीय क्रिकेटर यश दयाल (Yash Dayal) ने आखिरकार अपने ऊपर लगे यौन शोषण के आरोपों और IPL 2026 में RCB से बाहर रहने को लेकर चुप्पी तोड़ी है. लंबे समय बाद सामने आए दयाल ने स्वीकार किया कि बीता एक साल उनके लिए बेहद मुश्किल भरा रहा और इस दौरान वह डिप्रेशन से भी जूझते रहे.

‘नींद नहीं आती थी’, बोले यश दयाल

यश दयाल ने कहा कि पिछले एक साल में उन्होंने काफी मानसिक संघर्ष झेला. परिवार और सोशल मीडिया के दबाव ने उन्हें अंदर तक तोड़ दिया था.

दयाल ने कहा,

“मैं बीते एक साल को लेकर ज्यादा बात नहीं कर सकता. इस दौरान मैं अकेला रहा. खुद को लेकर डाउट आने लगते हैं. लेकिन बुरा फेज निकल जाता है. यह समय बहुत डिप्रेसिंग रहा. नींद नहीं आती थी, क्योंकि परिवार परेशान है, आप परेशान हैं. सोशल मीडिया अलग है और पर्सनल लाइफ अलग.

उन्होंने आगे कहा कि धीरे-धीरे उन्होंने खुद को संभालने की कोशिश की और समझाया कि हर चीज उनके कंट्रोल में नहीं है.

RCB ने क्यों बनाया दूरी?

IPL 2026 की शुरुआत से पहले रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने साफ कर दिया था कि यश दयाल इस सीजन टीम का हिस्सा नहीं होंगे. फ्रेंचाइजी ने बयान जारी कर कहा था कि खिलाड़ी निजी समस्याओं से गुजर रहे हैं और मौजूदा परिस्थितियों में उनका टीम से जुड़ना दोनों पक्षों के हित में नहीं है.

RCB ने अपने बयान में कहा था,

“हमने अब तक यश का पूरा समर्थन किया है. खिलाड़ियों को रखने या हटाने का विकल्प होने के बावजूद हमने उन्हें टीम में बनाए रखा. लेकिन इस समय उनका टीम से जुड़ना न तो उनके हित में है और न ही फ्रेंचाइजी के हित में.”

‘टीम से बाहर होना मेरा फैसला नहीं था’

यश दयाल ने यह भी स्पष्ट किया कि IPL 2026 से बाहर रहने का फैसला उनका नहीं था, बल्कि यह निर्णय टीम मैनेजमेंट ने लिया था.

उन्होंने कहा,

“उन्होंने मुझे टीम से हटाया नहीं है और मेरी जगह किसी और खिलाड़ी की घोषणा भी नहीं की गई है. शायद वे अब भी मुझे टीम का हिस्सा मानते हैं. इस सीजन बाहर रहने का फैसला मेरा अपना नहीं था. फैसले हमेशा अधिकारी ही लेते हैं.”

यश दयाल पर लगे हैं गंभीर आरोप

गौरतलब है कि यश दयाल के खिलाफ दो गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं. पहली FIR जुलाई 2025 में गाजियाबाद में दर्ज हुई थी, जिसमें एक महिला ने उन पर शारीरिक और मानसिक शोषण का आरोप लगाया था. इसके कुछ समय बाद एक नाबालिग लड़की ने POCSO एक्ट के तहत यौन शोषण का मामला दर्ज कराया. हालांकि, इन मामलों में जांच जारी है और अदालत की ओर से अभी कोई अंतिम फैसला नहीं आया है.