मऊगंज में साइबर सुरक्षा को लेकर चला जागरूकता अभियान
मऊगंज में साइबर सुरक्षा को लेकर चला जागरूकता अभियान, क्षेत्र के ग्राम पंचायत गाड़ा में ग्रामीणों को दिए सुरक्षा टिप्स
राजेंद्र पयासी मऊगंज: जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत गाड़ा में साइबर अपराधों के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए विशेष अभियान चलाया गया। इस अभियान का नेतृत्व शाहपुर थाना प्रभारी ऋषि कुमार द्विवेदी ने किया।
अभियान के तहत गांव में जागरूकता रैली निकाली गई, जिसमें पुलिसकर्मियों के साथ स्कूली बच्चे और युवा भी शामिल हुए। रैली के दौरान हाथों में बैनर और स्लोगन लेकर लोगों को साइबर ठगी से बचने के उपाय बताए गए।
ग्राम पंचायत भवन में आयोजित बैठक में थाना प्रभारी ने ग्रामीणों को डिजिटल ठगी के नए तरीकों से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि आजकल फर्जी कॉल, फर्जी लिंक, ओटीपी मांगना, डिजिटल अरेस्ट और इनाम के नाम पर ठगी के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। किसी भी अनजान नंबर से आए मैसेज या लिंक पर क्लिक न करें और बैंक संबंधी जानकारी किसी से साझा न करें। उन्होंने लोगों से अपील की कि साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं। पुलिस ने गांव में हेल्पलाइन नंबर वाले पंपलेट भी बांटे। थाना प्रभारी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता ही साइबर अपराध रोकने का सबसे बड़ा उपाय है। ऐसे अभियान आगे भी चलाए जाएंगे।

