सतना: एक महीने में दूसरी बार माता मंदिर में चोरी, 22 किलो चांदी उखाड़ ले गए चोर

गाजीपुर माता मंदिर के गर्भगृह में सिंहासन तोड़कर लाखों की चांदी पार, एक महीने में दूसरी बार चोरी के बाद  सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल, पहली चोरी का अब तक नहीं हुआ खुलासा

सतना: एक महीने में दूसरी बार माता मंदिर में चोरी, 22 किलो चांदी उखाड़ ले गए चोर

सतना। जिले में मंदिरों की सुरक्षा व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में है। सिंहपुर थाना क्षेत्र के शिवराजपुर स्थित गाजीपुर माता मंदिर में एक महीने के अंदर दूसरी बार चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। इस बार चोरों ने गर्भगृह में घुसकर माता के चांदी जड़ित सिंहासन को तोड़ दिया और उसमें लगी करीब 22 किलो चांदी उखाड़कर फरार हो गए। चोरी की गई चांदी की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।

गुरुवार को जब पुजारी और ग्रामीण मंदिर पहुंचे तो गर्भगृह का नजारा देखकर हैरान रह गए। माता का सिंहासन पूरी तरह क्षतिग्रस्त पड़ा था और उस पर जड़ी चांदी गायब थी। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में आक्रोश फैल गया।

 पहली चोरी का अब तक नहीं हुआ खुलासा

गौरतलब है कि इसी मंदिर में 2 और 3 जून की दरम्यानी रात भी चोरी हुई थी। उस दौरान चोर सिंहासन की सीढ़ियों से करीब 3 किलो चांदी उखाड़कर ले गए थे। पुलिस ने जांच और तकनीकी साक्ष्य जुटाने के दावे किए थे, लेकिन एक माह बाद भी न तो आरोपी पकड़े गए और न ही पहली चोरी का खुलासा हो सका।

ग्रामीणों का आरोप है कि यदि पहली वारदात के बाद पुलिस ने गंभीरता दिखाई होती और मंदिर की सुरक्षा बढ़ाई होती, तो दूसरी और कहीं बड़ी चोरी को रोका जा सकता था। लोगों का मानना है कि पुलिस की निष्क्रियता का फायदा उठाकर चोर दोबारा मंदिर पहुंचे और इस बार सिंहासन में बची पूरी चांदी लेकर फरार हो गए।

मुंबई के कारोबारी ने भेंट किया था चांदी जड़ित सिंहासन 

जानकारी के मुताबिक, यह चांदी जड़ित सिंहासन करीब दो साल पहले मुंबई के कारोबारी और मूल रूप से शिवराजपुर निवासी रुद्र प्रताप उरमलिया ने मंदिर को भेंट किया था। सिंहासन को विशेष रूप से चांदी मढ़वाकर तैयार कराया गया था, जो अब पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका है।

वहीं सिंहपुर थाना प्रभारी पंकज शुक्ला का कहना है कि मंदिर एकांत क्षेत्र में स्थित है। चोरी गए सामान और उसकी कीमत की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।