रीवा में वृद्ध की मौत के बाद बवाल, सड़क जाम से घंटों ठप रहा यातायात
वृद्ध की मौत से नाराज परिजनों ने किया चक्काजाम, यातायात थमने से घंटों लोग रहे परेशान
रीवा। जिले में एक वृद्ध व्यक्ति का शव खेत में मिलने के बाद इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल बन गया। मृतक की पहचान तेजभान कुशवाहा के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी शुरू की।
पुलिस प्रारंभिक जांच और आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर ही रही थी, तभी कुछ लोगों ने हत्या की आशंका जताते हुए मौके पर हंगामा शुरू कर दिया। देखते ही देखते कुछ स्थानीय नेताओं के पहुंचने पर मामला और बढ़ गया, जिन्होंने परिजनों को भड़काकर सड़क पर चक्काजाम कर दिया। इसके चलते मुख्य मार्ग पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया और कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया।

इस जाम में एंबुलेंस, मरीजों, स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और आम यात्रियों को घंटों तक परेशानी का सामना करना पड़ा। भीषण गर्मी के कारण स्थिति और अधिक कठिन हो गई। हालांकि, पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया और बताया कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित होगी। पुलिस ने परिजनों को न्याय का भरोसा भी दिलाया, लेकिन कुछ लोग जाम हटाने को तैयार नहीं हुए।

स्थानीय प्रशासन का कहना है कि कानून व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता है और ऐसे मामलों में सड़क जाम कर आम जनता को परेशान करना उचित नहीं है। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त बल भी तैनात किया।
Varsha Shrivastava 
