रीवा: मंदिर में भंडारा खाने गए 13 साल के बच्चे को मारी गोली, पुजारी के बेटे पर आरोप

रीवा के रानीतलाब साईं मंदिर के पास भंडारा खाने गए 13 साल के बच्चे को पैर में गोली मार दी गई। घायल बच्चे का संजय गांधी अस्पताल में इलाज जारी है। पीड़ित पिता ने मंदिर के पुजारी के बेटे पर गोली मारने का आरोप लगाया है, जो घटना के बाद से फरार है।

रीवा: मंदिर में भंडारा खाने गए 13 साल के बच्चे को मारी गोली, पुजारी के बेटे पर आरोप
पब्लिकवाणी

शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत रानीतलाब साईं मंदिर के पास गुरुवार की शाम करीब 4 बजे गोली चलने से हड़कंप मच गया। जहां भंडारा खाने गए एक 13 साल के बच्चे के पैर में गोली लग गई।

घायल बच्चे का नाम ऋषि कुमार सिंह गौड़ है, जो मूल रूप से सीधी जिले का रहने वाला है और रीवा में रहकर पढ़ाई करता है। उसके पिता यहां मजदूरी करते हैं।

गंभीर हालत में परिजन बच्चे को इलाज के लिए संजय गांधी अस्पताल लेकर पहूंचे, जहां डॉक्टरों द्वारा उसका इलाज किया जा रहा है। गनीमत रही कि गोली बच्चे के पैर में लगी, जिससे उसकी जान बच गई।

घायल बच्चे के पिता का आरोप है कि साईं मंदिर के पुजारी के बेटे ने ही उनके मासूम बच्चे पर गोली चलाई है। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और अस्पताल जाकर बच्चे व उसके परिजनों के बयान दर्ज किए।

पुलिस अब गोली चलाने वाले आरोपी की तलाश में जुटी है। इस घटना ने शहर में आसानी से बिकने वाले अवैध कट्टे और पिस्टल पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं, जो आजकल युवाओं के हाथ में आसानी से पहुंच रहे हैं और आए दिन ऐसी वारदातें हो रही हैं।