शाजापुर में 50 साल पुराना नीम का पेड़ काटा गया, अवैध कटाई पर उठे सवाल
शाजापुर के गिरवर रोड स्थित ईदगाह के पास 50 साल पुराने नीम के पेड़ की कथित अवैध कटाई का मामला सामने आया है. स्थानीय लोगों ने जांच और कार्रवाई की मांग की है.
शाजापुर। विश्व पर्यावरण दिवस के बीच शाजापुर जिले में एक हरे-भरे नीम के पेड़ की कटाई का मामला सामने आया है. गिरवर रोड स्थित ईदगाह के पास खड़े लगभग 50 वर्ष पुराने नीम के पेड़ को बिना अनुमति काटे जाने का आरोप लगाया गया है. घटना के बाद स्थानीय नागरिकों ने वन विभाग और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं.
जानकारी के अनुसार, पेड़ का तना करीब 7 फीट घेराव वाला था और वह पूरी तरह हरा-भरा था. आरोप है कि 4 जून को पेट्रोल कटर मशीन की मदद से पेड़ को काट दिया गया. मौके पर बड़ी मात्रा में लकड़ी पड़ी मिली, जिसका वजन लगभग 150 क्विंटल बताया जा रहा है.
सूचना मिलने पर राजस्व विभाग के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा तैयार किया. इस दौरान पटवारी ललित कुंभकार और ग्राम कोटवार मौजूद रहे. लकड़ियों को फिलहाल ग्राम कोटवार की निगरानी में सुपुर्द किया गया है.
स्थानीय लोगों में नाराजगी
घटना के बाद क्षेत्रीय नागरिकों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि जिले में अवैध रूप से पेड़ों की कटाई के मामले लगातार सामने आ रहे हैं. उनका आरोप है कि गांवों और शहरों में कई स्थानों पर बिना अनुमति लकड़ी कटाई और अवैध आरा मशीनों का संचालन किया जा रहा है, जिससे पर्यावरण को नुकसान पहुंच रहा है.
कार्रवाई की मांग
स्थानीय लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है. साथ ही अवैध आरा मशीनों की जांच, वन संपदा संरक्षण के लिए सख्त निगरानी और जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की भी मांग उठाई है.
नागरिकों का कहना है कि पर्यावरण संरक्षण के दावों के बीच यदि हरे-भरे पेड़ों की अवैध कटाई नहीं रुकी तो जिले की हरियाली पर गंभीर असर पड़ सकता है.
Keywords (English):
Shajapur News, Neem Tree Cutting, Illegal Tree Cutting, Environment News, Forest Department, Green Cover, Madhya Pradesh News, Tree Conservation, Environmental Protection, Illegal Logging, Shajapur Environment, World Environment Day, Forest Conservation, Local News MP
Tags:
shivendra 
