न्यूजीलैंड में PM मोदी ने दिखाया 30 साल पुराना मफलर, सुनाया तीन गिफ्ट मिलने का दिलचस्प किस्सा
ऑकलैंड में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 30 साल पुराना मफलर दिखाया और न्यूजीलैंड से मिले तीन गिफ्ट की कहानी सुनाई। भारत-न्यूजीलैंड रिश्तों और भारतीय समुदाय की भी जमकर तारीफ की।
ऑकलैंड। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने न्यूजीलैंड के ऑकलैंड में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए करीब 30 साल पुराना एक मफलर दिखाया और उससे जुड़ी भावुक याद साझा की। उन्होंने बताया कि जब वह न तो किसी सरकार का हिस्सा थे और न ही सार्वजनिक जीवन में उनकी पहचान थी, तब न्यूजीलैंड यात्रा के दौरान उन्हें तीन खास उपहार मिले थे, जिन्हें उन्होंने आज तक संभालकर रखा है।
पीएम मोदी ने कहा, "करीब 25-30 साल पहले मुझे न्यूजीलैंड आने का मौका मिला था। उस समय किसी ने मुझे एक मफलर, एक टोपी और एक जोड़ी दस्ताने गिफ्ट किए थे। यह मफलर आज भी मेरे पास है और मैं इसे आज पहनकर आया हूं।" उन्होंने कहा कि यह सिर्फ एक मफलर नहीं, बल्कि न्यूजीलैंड के लोगों के स्नेह और सम्मान की याद है। उस समय वह किसी पद पर नहीं थे, लेकिन फिर भी उन्हें यहां अपनापन मिला।
भारत-न्यूजीलैंड के रिश्तों की तारीफ
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत और न्यूजीलैंड के रिश्ते लगातार मजबूत हो रहे हैं और दोनों देशों के संबंध नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन रिश्तों को न्यूजीलैंड के सभी राजनीतिक दलों का समर्थन प्राप्त है। पीएम मोदी ने अपने संबोधन में न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन, उनकी सरकार और लेबर पार्टी के नेताओं का भी आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह दोनों देशों के मजबूत रिश्तों और भारतीय समुदाय के योगदान का प्रमाण है।
Glad that my friend Prime Minister Christopher Luxon joined the community programme in Auckland. His presence reflects the warmth he has for India and the Indian community.@chrisluxonmp pic.twitter.com/zYr9ZkZBHi
— Narendra Modi (@narendramodi) July 11, 2026
महिलाओं के अधिकारों का किया जिक्र
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने कहा कि न्यूजीलैंड दुनिया का पहला देश है जिसने महिलाओं को मतदान का अधिकार दिया था। उन्होंने कहा कि आज न्यूजीलैंड की महिलाएं देश के विकास में बड़ी भूमिका निभा रही हैं और यह पूरी दुनिया के लिए प्रेरणादायक है।
'वाका' का दिया उदाहरण
पीएम मोदी ने भारत और न्यूजीलैंड के रिश्तों को समझाने के लिए माओरी भाषा के शब्द 'वाका' का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि माओरी संस्कृति में वाका का मतलब पारंपरिक नाव होता है, जो लोगों को जोड़ने और साथ लेकर आगे बढ़ने का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि भारत और न्यूजीलैंड का रिश्ता भी इसी तरह साझा मूल्यों, दोस्ती और विश्वास पर आधारित है और अब यह साझेदारी एक नए सफर की ओर बढ़ रही है।
भारतीय समुदाय की सराहना
प्रधानमंत्री ने न्यूजीलैंड में रह रहे भारतीय समुदाय की भी जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि ऑकलैंड से लेकर वेलिंगटन, क्राइस्टचर्च और क्वीन्सटाउन तक भारतीय समुदाय दोनों देशों के रिश्तों को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभा रहा है।
भारतीय शहरों के नाम वाली सड़कों का किया जिक्र
पीएम मोदी ने कहा कि न्यूजीलैंड की कई सड़कों के नाम भारतीय शहरों पर रखे गए हैं। उन्होंने कहा, "कहीं खंडाला है, कहीं बॉम्बे हिल्स, कहीं कोरोमंडल, कलकत्ता स्ट्रीट, दिल्ली क्रिसेंट और अमृतसर स्ट्रीट जैसे नाम हैं।"
उन्होंने कहा कि जब भी न्यूजीलैंड के नेताओं से उनकी मुलाकात होती है, वे भारतीय समुदाय की मेहनत और योगदान की सराहना करते हैं। "आपकी तारीफ होती है और मेरा सिर गर्व से ऊंचा हो जाता है," प्रधानमंत्री ने कहा।

