भोपाल में जुटेंगे देशभर के LPG वितरक, सरकार के खिलाफ आंदोलन की बनेगी रणनीति

LPG डिस्ट्रीब्यूटर्स का राष्ट्रीय अधिवेशन 12 जुलाई को भोपाल में, अधिकारों को लेकर सरकार के खिलाफ बड़ा फैसला संभव

भोपाल में जुटेंगे देशभर के LPG वितरक, सरकार के खिलाफ आंदोलन की बनेगी रणनीति

भोपाल। एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर्स एसोसिएशन (आई) ने अपने अधिकारों और सरकार की नीतियों के विरोध में देशभर के गैस वितरकों का राष्ट्रीय अधिवेशन 12 जुलाई 2026 को भोपाल में आयोजित करने का निर्णय लिया है। यह अधिवेशन सुबह 10:30 बजे टी.टी. नगर स्थित समन्वय भवन (एपेक्स बैंक बिल्डिंग) में होगा।

विभिन्न राज्यों के प्रतिनिधि राष्ट्रीय अधिवेशन में होंगे शामिल

इस राष्ट्रीय अधिवेशन में मध्य प्रदेश सहित तमिलनाडु, केरल, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, तेलंगाना, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, असम, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, गोवा, गुजरात, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, झारखंड, बिहार, उत्तराखंड, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और जम्मू-कश्मीर समेत देश के विभिन्न राज्यों के प्रतिनिधि भाग लेंगे।

बैठक में एलपीजी वितरकों से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। इनमें होम डिलीवरी शुल्क और प्रशासनिक शुल्क में बढ़ोतरी, कंपनियों द्वारा वितरकों की सहमति के बिना जबरन कमर्शियल सिलेंडरों की आपूर्ति, गैस एजेंसियों पर सुरक्षा ट्यूब, लाइटर, चूल्हा और अन्य उपभोक्ता उत्पाद बेचने का दबाव जैसे विषय प्रमुख हैं।

सरकार की नीतियों के विरोध में आंदोलन की रूपरेखा होगी तैयार

एसोसिएशन का कहना है कि इन मुद्दों के कारण देशभर के एलपीजी वितरक लंबे समय से आर्थिक और व्यावसायिक परेशानियों का सामना कर रहे हैं। ऐसे में राष्ट्रीय अधिवेशन के दौरान सरकार की नीतियों के विरोध में आंदोलन की रूपरेखा तैयार की जाएगी। साथ ही यह भी तय किया जाएगा कि आंदोलन कब, कहां और किस प्रकार से किया जाएगा।

एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर्स एसोसिएशन का मानना है कि यदि उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया गया तो देशभर के वितरक एकजुट होकर व्यापक स्तर पर आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे। अधिवेशन में लिए गए निर्णय आगे की रणनीति तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।