शराब पीने के अड्डे पर युवक की हत्या, ईंट और लकड़ी से सिर पर वार कर उतारा मौत के घाट

बोरसल में 35 वर्षीय नितिन कोली की हत्या से फैली सनसनी, डॉग स्क्वायड के साथ आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस

शराब पीने के अड्डे पर युवक की हत्या, ईंट और लकड़ी से सिर पर वार कर उतारा मौत के घाट

बुरहानपुर। जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बोरसल में 35 वर्षीय युवक की हत्या का मामला सामने आया है। अज्ञात आरोपी ने ईंट और लकड़ी से सिर पर हमला कर युवक की जान ले ली। घटना की सूचना मिलते ही शनिवार सुबह शाहपुर थाना प्रभारी अखिलेश मिश्रा पुलिस बल और डॉग स्क्वायड के साथ मौके पर पहुंचे।

पुलिस ने डॉग स्क्वायड की मदद से आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, जिस स्थान पर हत्या हुई है, वह शराब पीने वालों का अड्डा बताया जा रहा है। आशंका जताई जा रही है कि मृतक भी वहां शराब पीने पहुंचा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद अज्ञात व्यक्ति ने युवक पर हमला कर दिया। मृतक की पहचान नितिन कोली (35) निवासी खापरखेड़ा के रूप में हुई है। आरोपी ने ईंट और बड़ी लकड़ी से सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थानीय लोगों से पूछताछ की और घटनास्थल की जांच की। डॉग स्क्वायड की मदद से आसपास के क्षेत्रों में भी तलाश की गई। मृतक के परिजनों को सूचना मिलने के बाद वे भी घटनास्थल पर पहुंचे। शाहपुर थाना पुलिस हत्या के कारणों और आरोपी की पहचान को लेकर सभी पहलुओं से जांच कर रही है।