भोपाल के कमाली मंदिर में बवाल, दुर्गा-हनुमान प्रतिमाएं हटाने पर विरोध
भोपाल के घोड़ा नक्कास स्थित कमाली मंदिर में दुर्गा और हनुमान जी की प्रतिमाएं हटाने को लेकर विवाद खड़ा हो गया। हिंदू उत्सव समिति के विरोध के बाद प्रतिमाओं को दोबारा मूल स्थान पर स्थापित किया गया।
भोपाल। राजधानी भोपाल के घोड़ा नक्कास स्थित कमाली मंदिर परिसर में पौराणिक दुर्गा और हनुमान जी की प्रतिमाओं को हटाए जाने को लेकर विवाद खड़ा हो गया। स्थानीय लोगों और हिंदू उत्सव समिति ने आरोप लगाया कि मंदिर परिसर में प्रस्तावित शॉपिंग कॉम्प्लेक्स निर्माण के लिए प्रतिमाओं को रातोंरात दूसरे स्थान पर स्थापित कर दिया गया था। मामले की जानकारी मिलने पर हिंदू उत्सव समिति के अध्यक्ष चंद्रशेखर तिवारी अपने समर्थकों, स्थानीय श्रद्धालुओं और क्षेत्रीय पार्षद के साथ मौके पर पहुंचे और विरोध दर्ज कराया। इसके बाद प्रतिमाओं को दोबारा उनके मूल स्थान पर स्थापित कराया गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार कमाली मंदिर का इतिहास नवाब काल से जुड़ा हुआ है। बताया जाता है कि उस समय एक बेगम ने कमाली बाबा को शंख बजाने के लिए स्थान दिया था और जहां तक शंख की ध्वनि पहुंची, उतनी भूमि मंदिर को प्रदान की गई। दावा किया जाता है कि मंदिर परिसर करीब पांच एकड़ क्षेत्र में फैला हुआ है। वर्तमान में परिसर में बड़ी संख्या में दुकानें संचालित हैं, जिनसे ट्रस्ट को किराया प्राप्त होता है। वहीं मंदिर का मुख्य ढांचा लंबे समय से जर्जर स्थिति में है।
हिंदू उत्सव समिति का कहना है कि करीब छह वर्ष पहले गुलाबी पत्थरों से भव्य मंदिर निर्माण की योजना शुरू हुई थी, लेकिन अब तक केवल कुछ पिलर ही बने हैं। समिति का आरोप है कि इसी बीच पौराणिक दुर्गा और हनुमान मंदिर को हटाकर वहां व्यावसायिक निर्माण की तैयारी शुरू कर दी गई। हालांकि, इस संबंध में ट्रस्ट या प्रशासन की ओर से आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
चंद्रशेखर तिवारी ने ट्रस्ट के कामकाज पर भी सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि मंदिर परिसर और दुकानों के संचालन में अनियमितताएं हैं। उन्होंने कहा कि दुकानों से जुड़े कुछ मामले पहले से न्यायालय में लंबित हैं और पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए। समिति ने मांग की है कि यदि जांच में गड़बड़ी सामने आती है तो जिला प्रशासन ट्रस्ट के संचालन की जिम्मेदारी अपने हाथ में लेकर मंदिर की संपत्ति और धार्मिक स्वरूप की सुरक्षा सुनिश्चित करे।
Anubhav Dubey 
