गुना में दिनदहाड़े 17 लाख की लूट, मुनीम की आंखों में स्प्रे डालकर नकदी से भरा बैग लेकर फरार
गुना के चौधरी मोहल्ला तिराहे पर दिनदहाड़े मुनीम की आंखों में स्प्रे डालकर करीब 17 लाख रुपये से भरा बैग लूट लिया गया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है।
गुना। मध्य प्रदेश के गुना शहर में बुधवार सुबह दिनदहाड़े एक बड़ी लूट की वारदात सामने आई। कोतवाली थाना क्षेत्र के चौधरी मोहल्ला तिराहे पर तीन अज्ञात बदमाशों ने एक मुनीम की आंखों में स्प्रे डालकर करीब 15 से 17 लाख रुपये से भरा बैग लूट लिया और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने शहरभर में नाकाबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
कुंभराज जा रहा था मुनीम
जानकारी के अनुसार, पीड़ित वासुदेव ब्राह्मण मूल रूप से राजस्थान के बीकानेर का रहने वाला है और वर्तमान में गुना के चौधरी मोहल्ला में रहता है। वह कुंभराज की एक धनिया व्यापारिक फर्म में मुनीम के रूप में कार्य करता है।बताया गया कि वासुदेव मंगलवार को पिछोर से विभिन्न व्यापारियों का भुगतान लेकर गुना पहुंचा था। बुधवार सुबह करीब 10:30 बजे वह करीब 17 लाख रुपये से भरा बैग लेकर कुंभराज जाने के लिए घर से पैदल निकला था।
आंखों में स्प्रे डालकर छीना रुपयों से भरा बैग
जैसे ही वासुदेव चौधरी मोहल्ला तिराहे के पास शीतला माता मंदिर रोड पर पहुंचा, पहले से घात लगाए बैठे तीन बदमाशों ने उसे रोक लिया। आरोपियों ने उसकी आंखों में स्प्रे छिड़क दिया, जिससे उसे तेज जलन होने लगी।
पीड़ित ने बैग बचाने की कोशिश की और बदमाशों से संघर्ष भी किया, लेकिन आंखों में जलन और दिखाई न देने की वजह से आरोपी नकदी से भरा बैग छीनकर फरार हो गए।प्रत्यक्ष जानकारी के मुताबिक दो आरोपी बैग लेकर रपटा बाजार की ओर भागे, जबकि उनका तीसरा साथी अपनी मोटरसाइकिल लेने दूसरी दिशा में चला गया। वासुदेव ने कुछ दूर तक उनका पीछा किया, लेकिन आरोपी हाथ नहीं आए।
तीन व्यापारिक फर्मों की थी नकदी
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, लूटी गई राशि शहर की तीन व्यापारिक फर्मों की थी। इनमें गंगा ट्रेडर्स, ओमप्रकाश पवन कुमार बैरागी और अवधेश कुमार संजीव कुमार शिवहरे का व्यापारिक भुगतान शामिल था। घटना के बाद व्यापारियों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी
वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। शहर के प्रमुख मार्गों पर नाकाबंदी कर संदिग्धों की तलाश की जा रही है।पुलिस आसपास के दुकानों और मकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के दौरान कुछ अहम सुराग मिले हैं और आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की कोशिश की जा रही है।
पुलिस की अपील
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि घटना से संबंधित कोई भी जानकारी या संदिग्ध गतिविधि की सूचना हो तो तत्काल पुलिस को दें, ताकि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
Anubhav Dubey 
